Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

मानसिक रूप परेशान महिला ने खुद को कमरे में बंद कर घर में लगाई आग – बेटे ने दरवाजा तोड़ कर निकाला बाहर

पानीपत के कलंदर चौक में मोहर सिंह चौक स्थित एक मकान में मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला ने अपने घर में आग लगा दी। आग का धुआं उठता देख पड़ोसियों ने इसकी सूचना घर के अन्य सदस्यों को दी। सूचना मिलते ही सोए हुए घर के सदस्य उठे और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। वहीं इसकी सूचना दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलने के 40 मिनट तक दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आगजनी में घर का अधिकांश सामान जल कर राख हो गया। गनीमत रही की घर के अन्य कमरों में सो रहे लोगों को किसी तरह की नुकसान नहीं पहुंचा।

घटना आज सुबह करीब सवा 8 बजे की है। मोहर सिंह चौक स्थित एक मकान में रहने वाली महिला ने घर के उपर वाले कमरे में खुद को बंद कर लिया। उस वक्त घर के अन्य सभी सदस्य दूसरे कमरे में सो रहे थे। इसके बाद महिला ने माचिस से कमरे में रखे अन्य कपड़ों में आग लगा दी। आग के वक्त वह अंदर ही बैठी रही। आग की लपटे और धुआं देख पड़ोसियों ने इसकी सूचना घर के अन्य परिजनों को दी। आग देखते ही चीख-पुकार मच गई।

आनन-फानन में महिला का बेटा दौड़ कर घर के ऊपर वाले उस कमरे में गया, जहां आग लगी हुई थी। दरवाजे को खोलने की कोशिश की गई। मगर दरवाजा अंदर से बंद था। किसी तरह दरवाजे को तोड़ा गया। जैसे ही दरवाजा तोड़ा गया, आग का गोला एक दम बाहर आया। आग महिला के बहुत करीब थी। महिला को कमरे से बाहर निकाला गया। उसे दूसरे मकान में ले जाया गया। आग पड़ोसियों के घर तक पहुंच गई। जिसके चलते पड़ोसियों के वॉशरूम में लगा एग्जॉस्ट फैन जल गया। वहीं, बचाव कार्य में लगे पड़ोसी रमेश वर्मा व रमन सरदाना के सिर के बाल जल गए।

महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त है। वह एक बार पहले भी घर में आगजनी का प्रयास कर चुकी है। मगर उस दौरान दिन का वक्त था। उस वक्त आग अभी कंबल ने पकड़ी ही थी कि परिजनों ने देख लिया और उसे तभी बुझा दिया। पड़ोसियों का कहना है कि महिला आते-जाते लोगों पर पत्थरबाजी भी करती है।

Exit mobile version