हरियाणा में BJP अब नए सिरे से सदस्यता अभियान चलाएगी। इसके लिए BJP ने आज 5 नए सदस्यों को जिम्मेदारी दी है। वहीं BJP ने एडवोकेट वेदपाल को सदस्यता अभियान का संयोजक नियुक्त किया है।
बता दें कि, देशभर में 1 सितंबर से सदस्यता अभियान शुरू हो चुका है। लेकिन जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, महाराष्ट्र और झारखंड जैसे चुनावी राज्यों में सदस्यता अभियान चुनाव के बाद चलाया जाना था। अब जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में चुनाव संपन्न हो चुका है। इस कारण यह सदस्यता अभियान शुरू होगा।
एडवोकेट वेदपाल ने बताया कि पूरे हरियाणा में 50 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। मिस कॉल के जरिए सदस्य बनाया जाएगा। अब प्रदेश स्तर पर कार्यशाला आयोजित की जा रही है। जिसमें प्रदेश के नेताओं को सदस्यता अभियान के लिए बताया जाएगा। इसके बाद 28-29 अक्टूबर को जिला स्तर पर कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। वहीं 5-6 नवंबर को मंडल स्तर पर कार्यशाला आयोजित करके सदस्यता अभियान की जानकारी दी जाएगी। वहीं इसके बाद सदस्यता अभियान शुरू होगा।
भाजपा ने पूरे देश में 10 करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। 2019 में भी पहली बार मिस्ड कॉल को सदस्यता अभियान में शामिल किया गया था। सदस्यता अभियान पूरा होने के बाद सांगठनिक चुनावों की प्रक्रिया शुरू होगी, जो मंडल, जिला से लेकर राज्य स्तर चलेगी। राज्यों में चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जनवरी में राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा। भाजपा का सदस्यता अभियान का मूल उद्देश्य भाजपा की राष्ट्र प्रथम की विचारधारा का जनता के बीच विस्तार करना है।
