Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में महम नगर पालिका चुनाव: प्रधान पद के लिए 11 महिला उम्मीदवार

रोहतक की महम नगर पालिका चुनाव की प्रक्रिया जोरों पर चल रही है। महम नगर पालिका क्षेत्र में कुल 16 हजार 716 मतदाता हैं। प्रधान पद के लिए 11 महिला उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनके ‌‌‌भविष्य का फैसला 19 जून को होगा। प्रशासनिक स्तर पर भी चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

महम नगर पालिका के 15 वार्डों में पार्षद चुने जाने हैं। 19 जून को होने वाले नगर पालिका चुनाव को अब तीन दिन ही शेष बचे हैं। चुनाव के लिए कुल 19 बूथ बनाए गए हैं। महम के एसडीएम एवं नगर पालिका चुनाव के रिटर्निंग अधिकारी महेश कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महम एचके मीणा ने नगरपालिका चुनावों को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए कस्बे में फ्लैग मार्च निकाला।

एसडीएम महेश कुमार ने बताया कि नगर पालिका के चुनावों के दृष्टिगत मतदाताओं में किसी भी प्रकार का प्रलोभन, डर, भय आदि को निकालने तथा लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करने के लिए फ्लैग मार्च निकाला गया है। प्रशासन द्वारा चुनावों के मद्देनजर किसी भी प्रकार की अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए आठ स्थानों पर नाके लगाए गए हैं। अवैध रूप से चलने वाले वाहनों को इंपाउंड किया जा रहा है।

पुलिस विभाग द्वारा भी सुरक्षा के दृष्टिगत पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। अगर कोई भी व्यक्ति चुनावों के लिए निर्धारित मापदंडों की अवहेलना करता पाया गया तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने नगर पालिका चुनावों के दृष्टिगत मतदाताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे सही उम्मीदवारों का चयन करें। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस विभाग एवं चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी साथ रहे।

Exit mobile version