Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा परिवहन कर्मचारी संघ की बैठक सम्पन्न, 11 मांगों पर मिली राहत; बाकी मांगों पर 25 नवंबर को चर्चा



रोहतक, 6 नवंबर 2026। आज हरियाणा परिवहन कर्मचारी संघ (भारतीय मजदूर संघ से संबंधित) की एक महत्वपूर्ण बैठक बस स्टैंड स्थित यूनियन कार्याल य में डिपो प्रधान राजेश पंघाल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में यूनियन के प्रदेश मंत्री अमित महराना विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में डिपो स्तर की समस्याओ को लेकर जीएम को माँगपत्र देने बारे चर्चा हुई और उन्होंने 4 नवंबर को अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं परिवहन विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ हुई बैठक में लिए गए फैसलों और कर्मचारियों की मांगों पर हुई प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
अमित महराना ने बताया कि हरियाणा परिवहन कर्मचारी संघ की राज्य कमेटी सभी डिपो एवं सब-डिपो के पदाधिकारियों और कर्मचारियों का आंदोलन में सहयोग, एकजुटता और संघर्ष के लिए हार्दिक धन्यवाद करती है। कर्मचारियों की एकजुटता और निरंतर संघर्ष के परिणामस्वरूप विभाग द्वारा कई महत्वपूर्ण मांगों पर सहमति बनाते हुए आदेश एवं पत्र जारी किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि दिनांक 4 नवंबर 2026 को हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल की माननीय अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं परिवहन विभाग के महानिदेशक के साथ बैठक हुई, जिसमें निम्नलिखित मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिए गए हैं—
आंदोलन के दबाव में विभाग द्वारा किए गए प्रमुख फैसले एवं उपलब्धियां :
वर्ष 2008 में भर्ती हुए जिन परिचालकों की पदोन्नति लंबित थी, उनकी प्रमोशन फाइल को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
यार्ड मास्टर के रिक्त पदों पर पदोन्नति देने की फाइल पर हस्ताक्षर कर दिए गए हैं।
दूसरे राज्यों में यात्रियों द्वारा टिकट नहीं लेने पर परिचालक को जिम्मेदार ठहराने संबंधी पत्र वापस ले लिया गया है।
लोकल मार्गों पर ओवरटाइम के लिए 35 रुपये प्रति किलोमीटर वाली अन्यायपूर्ण शर्त को वापस ले लिया गया है।
वर्ष 2022 से 2026 तक की सभी हड़तालों की अवधि के लिए Leave of Kind संबंधी पत्र जारी कर दिया गया है।
कर्मशाला में वर्ष 2018 में भर्ती ग्रुप-डी कर्मचारियों की पदोन्नति के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
सभी डिपो में सांख्यिकी सहायक (Statistical Assistant) के रिक्त 23 पदों पर पदोन्नति के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
कर्मशाला कर्मचारियों को सभी प्रकार के कैलेंडर अवकाश देने तथा वर्ष 2006 के बाद भर्ती NPS कर्मचारियों के सेवानिवृत्ति कार्ड बनाने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
रोहतक डिपो के धरने के दौरान स्थानांतरित किए गए तीन कर्मचारियों का तबादला वापस रोहतक करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
बोनस की फाइल पर लगे ऑब्जेक्शन को दूर कर दिया गया है। आगामी कुछ दिनों में बोनस भुगतान के संबंध में पत्र जारी किया जाएगा।
HKRN के तहत भर्ती परिचालकों के गबन मामलों में लगाए जाने वाले जुर्माने संबंधी पत्र वापस ले लिया गया है।
शेष मांगों को लेकर 25 नवंबर को परिवहन मंत्री के साथ होगी बैठक
अमित महराना ने बताया कि कर्मचारियों की शेष महत्वपूर्ण मांगों को लेकर 25 नवंबर 2026 को माननीय परिवहन मंत्री जी के साथ बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में निम्नलिखित मांगों सहित अन्य लंबित मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा—
अर्जित अवकाश पूर्व की भांति 33 दिन देने की मांग।
चालकों को स्टैंड ड्यूटी के पदों पर पदोन्नति देने की मांग।
चालक एवं परिचालकों का पे-ग्रेड बढ़ाने तथा परिचालकों को लिपिकों की तर्ज पर तीन वेतन वृद्धि देने की मांग।
वर्ष 2016 में भर्ती चालकों को नियमित करने की मांग।
जोखिम भत्ता, जूता भत्ता एवं वर्दी भत्ता बढ़ाने सहित अन्य लंबित मांगें।
बैठक में उपस्थित कर्मचारियों ने कहा कि यह उपलब्धियां सभी कर्मचारियों की एकजुटता, संघर्ष और आंदोलन का परिणाम हैं। जब तक कर्मचारियों की सभी लंबित मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक संगठन अपने संघर्ष को मजबूती के साथ जारी रखेगा।
इस अवसर पर शिवकुमार, राजेश, परवीन गोरड़, रिंकू, नरेंद्र, अनिल धनखड़, सोनू, कंवर सिंह, राजबीर, पवन, जसविंदर सहित अनेक पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जारीकर्ता :
हरियाणा परिवहन कर्मचारी संघ
(भारतीय मजदूर संघ से संबंधित)

Exit mobile version