Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में हरियाणा कर्मचारी महासंघ की बैठक:9 जुलाई को राष्ट्रव्यापी हड़ताल में होंगे शामिल, 7 जून से शुरू होगा सदस्यता अभियान

हरियाणा कर्मचारी महासंघ ने केंद्र सरकार की कर्मचारी-विरोधी नीतियों के विरोध में 9 जुलाई 2025 को होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल में शामिल होने का फैसला किया है। यह निर्णय रोहतक के रोडवेज भवन में आयोजित प्रदेश कार्यकारिणी और जिला इकाइयों की संयुक्त बैठक में लिया गया।

बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कार्यकारी प्रधान निशान सिंह ने की। इसमें बिजली बोर्ड, जनस्वास्थ्य विभाग, रोडवेज कर्मचारी यूनियन, अध्यापक संघ और आबकारी एवं कराधान विभाग की यूनियनों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

वक्ताओं ने विभिन्न विभागों में निजीकरण और पूर्व समझौतों की मांगों को लागू न करने पर नाराजगी जताई। संगठन को मजबूत करने के लिए 7 जून से सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा। जुलाई में ब्लॉक स्तर और अगस्त में जिला स्तर पर चुनाव होंगे।

एचएसईबी यूनियन के प्रदेश महासचिव यशपाल देसवाल ने नए कर्मचारियों में संगठन के प्रति विश्वास जगाने पर जोर दिया। प्रदेश कार्यकारी प्रधान निशान सिंह ने सरकार को चेतावनी दी कि कर्मचारियों की मांगों पर चर्चा न होने पर चुनावों के बाद आंदोलन किया जाएगा।

बैठक में नरेंद्र धीमान, कुलदीप शर्मा, अमरीक सिंह, अनूप लाठर, मुकेश दूहन समेत कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन कार्यकारी महासचिव अशोक शर्मा ने किया।

Exit mobile version