Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में मां-बाप के सामने मस्तनाथ यूनिवर्सिटी के छात्र की हत्या; एक महीने पहले हुआ था झगड़ा, 7 के खिलाफ हुआ केस दर्ज

रोहतक के संजय नगर एरिया में BCA के छात्र पर 4 नामजद सहित 6 से अधिक लोगों ने चाकूओं से हमला कर दिया। घायल युवक को रोहतक PGI ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। यह हत्या करीब एक महीने पहले हुई आपसी झगड़े को लेकर की गई है।

मृतक की पहचान संजय नगर निवासी प्रिंस (21) के रूप में हुई है। मां-बाप की आंखों के सामने ही इकलौते बेटे की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। इधर, मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मृतक के पिता के बयान पर 4 नामजद सहित करीब 7 लोगों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।

रोहतक के संजय नगर निवासी विक्रम सैनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसको एक बेटा और एक बेटी है। बड़ा बेटा करीब 21 वर्षीय प्रिंस BCA का छात्र है। वहीं, छोटी बेटी वंशिता की उम्र 16 साल है। एक महीने पहले प्रिंस का कुछ युवकों के साथ झगड़ा हो गया था। उन्होंने प्रिंस के साथ मारपीट की। हालांकि बाद में भाईचारे में बैठकर मामले में समझौता भी हो गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि हुए झगड़े की रंजिश रखते हुए आरोपी सावन व उसका पिता बलराम उनके घर पर आए। उन दोनों ने प्रिंस के बारे में पूछा, लेकिन उस समय दोनों बाप-बेटा वहां से चले गए और कह रहे थे कि मजा चखाएंगे। हालांकि विक्रम सैनी ने दोनों से अपने बेटे को समझाने की बात कही, लेकिन वे धमकी देते हुए निकल गए।

विक्रम सैनी ने आरोप लगाया कि रात को सावन उनके घर के अंदर आया, वहीं घर के बाहर अमन उर्फ लिंडी, बलराम मिस्त्री, रमणीक व अन्य युवक मौजूद थे। सावन ने प्रिंस को बुलाया, जिसके बाद प्रिंस वहां उसके पास बाहर चला गया। लेकिन गेट पर जाते ही सावन ने प्रिंस को गली में धक्का दे दिया।

झगड़े का पता लगते ही प्रिंस के पिता विक्रम, मां रीना व अन्य बाहर आए तो आरोपी प्रिंस को घसीटते हुए लेकर जा रहे थे। गली में कुछ लोगों ने पकड़ लिया और उनकी आंखों के सामने ही प्रिंस को बेरहमी से चाकू मारे। जिस कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया और लहूलुहान अवस्था में गिर गया।

इसके बाद आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए। जिसके बाद आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। गली में बेहोश पड़े प्रिंस को उपचार के लिए रोहतक PGI में लेकर पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, पुलिस ने मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच आरंभ कर दी।

पुरानी सब्जी मंडी के जांच अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि मृतक प्रिंस के पिता विक्रम सैनी के बयान दर्ज किए हैं। जिसके आधार पर 4 नामजद सहित करीब 7 लोगों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। प्राथमिक दृष्टि से पुरानी रंजिश को लेकर हत्या की गई प्रतीत हो रही है।

Exit mobile version