Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में दीवाली की रात 4 जिलों में भीषण आग:अंबाला में धू-धू कर जला गोदाम, गुरुग्राम के वेयरहाउस में आग, पानीपत में टेंट हाउस जला

हरियाणा में दिवाली की रात 4 जिलों में आग लगने की घटनाएं हुई। गुरुग्राम, हिसार, पानीपत और अंबाला में अलग-अलग जगहों पर भीषण आग लगी। हिसार में ई-स्कूटी शोरूम में आग लगने से 70 स्कूटी जल गई।

वहीं पानीपत में जगदम्बा टेंट हाउस में रॉकेट से आग लगने की घटना सामने आई है। जबकि मंजी साहिब गुरुद्वारे के पास एक गोदाम में भीषण आग लग गई। दमकल विभाग की दर्जनों गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने में जुटी रहीं।

गुरुग्राम जिले के गांव जोड़ी में आतिशबाजी के कारण बाजरे की पुलियों में भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि आठ एकड़ क्षेत्र में कटाई के बाद पुलियों को स्टोर किया गया था। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई। मानेसर के फायर ऑफिसर नरेंद्र ने बताया कि सवा 8 बजे आग लगने की कॉल मिली थी। सूचना मिलते ही टीमें मौके के लिए रवाना कर दी गईं। फिलहाल आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी हैं।

गुरुग्राम शहर और मारुति मानेसर से भी अतिरिक्त फायर टीमें मौके पर भेजी गई हैं। वहीं, गुरुग्राम के राठीवास गांव के एक वेयरहाउस में भी भीषण आग लग गई। सेक्टर-29, भीम नगर और उद्योग विहार फायर स्टेशन से पांच गाड़ियां मौके पर भेजी गई हैं।

हिसार की ऑटो मार्केट में दुकान नंबर 305 में आग लग गई। यह दुकान ई-स्कूटी का शोरूम थी। बताया जा रहा है कि दुकान के अंदर दिए जलाकर कर्मचारी चले गए थे, जिसके चलते आग भड़क गई। दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। शोरूम के अंदर रखी करीब 70 स्कूटियां और 200 बैटरियों के सेट जलकर राख हो गए।

पानीपत के विराट नगर स्थित जगदम्बा टेंट हाउस में रॉकेट से आग लगने की घटना सामने आई है। वहीं, शहर की ज्योति कॉलोनी में दीवाली पर पटाखे चलाते समय कूड़े के ढेर में आग लग गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया।

अंबाला के मंजी साहिब गुरुद्वारे के पास एक गोदाम में भीषण आग लग गई। हालांकि अभी तक आग के कारणों का पता नहीं चल सका है और यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोदाम किसका है। दमकल विभाग की टीम आग बुझाने में जुटी हुई है।

चारों जिलों में फायर विभाग की टीमें लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। दीपावली की रात में इस तरह की आगजनी की घटनाओं से प्रशासन ने नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है।

Exit mobile version