Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

मुंबई के ताड़देव इलाके की बिल्डिंग में लगी भीषण आग- 7 की दर्दनाक मौत,19 झुलसे

मुंबई में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। मुंबई में एक 20 मंजिला इमारत में आग लग गई है। आग में 7 लोगों की मौत हो गई है, वहीं 19 लोग झुलस गए हैं। जान गंवाने वालों में से दो बुजुर्ग हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, मुंबई के ताड़देव इलाके की 20 मंजिला इमारत कमला सोसायटी की 18वीं मंजिल पर यह आग लगी है। आग की भीषण स्थिति को देखते हुए इसे लेवल 4 की आग कहा गया है। बताया जा रहा है कि करीब 5 घंटे की मशक्कत के बाद इसे बुझा दिया गया। अभी तक आग लगने की वजह का पता नहीं चला है। घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए 5 एंबुलेंस को तैनात किया गया है।

मुंबई प्रशासन के मुताबिक, धुएं की वजह से राहत कर्मियों को अंदर पहुंचने में काफी दिक्कत आई। 19 लोगों को रेस्क्यू किया गया। प्रशासन ने 15 लोगों को भाटिया अस्पताल में भर्ती कराया है। 3 की हालत गंभीर है। उन्हें ICU में रखा गया है। बाकी 12 लोग जख्मी हैं। सभी का जनरल वार्ड में इलाज चल रहा है।

इनके अलावा, 4 गंभीर रूप से झुलसे हुए लोगों को नायर अस्पताल ले जाया गया था, जहां दो लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। बाकी दो का इलाज चल रहा है। फायर बिग्रेड के अफसरों के मुताबिक, इमारत में लेवल थ्री की आग लगी थी। यह इतनी भीषण थी कि बुझाने में दमकल विभाग की 13 गाड़ियों लगीं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

Exit mobile version