हरियाणा के अंबाला में आज सुबह विशाल मेगा मार्ट में आग लग गई। आग की सूचना पर तुरंत फायर ब्रिगेड पहुंची है। आग पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां काबू पा रहीं हैं। जानकारी के अनुसार, अंबाला शहर स्थित विशाल मेगा मार्ट में मंगलवार सुबह करीब 9 बजे आग लगी। आसपास के लोगों ने जब बिल्डिंग से धुआं निकलते देखा तो इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। इसके बाद मौके पर फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियां पहुंची हैं।ये गाड़ियां लगातार आग पर काबू पाने में लगी हुई हैं, लेकिन आग ज्यादा फैल जाने से इस पर काबू पाना मुश्किल हो रहा है।
तकरीबन एक घंटे से फायर ब्रिगेड की टीमें इस आग पर काबू पाने के लिए लगी हुई हैं। फायर कर्मियों का कहना है कि अभी भी आग मॉल के विभिन्न कोनों में सुलग रही है। सतही तौर पर आग पर काबू पाया गया है। अंदर की स्थिति देखने के लिए धीरे-धीरे फायर ब्रिगेड कर्मी जा रहे हैं।मौके पर 3 गाड़ियां आग बुझाने में लगी हैं, लेकिन वह काफी नहीं है। तीनों गाड़ियां खाली भी हो चुकी हैं। इसलिए, फायर कर्मियों ने और गाड़ियों की डिमांड भेजी है।
फायर अधिकारी का कहना है कि शॉर्ट सर्किट से यह आग लगी होगी। इसके बाद आग ने कपड़ों को अपनी चपेट में लिया। कपड़ों के चपेट में आने से आग तेजी से फैल गई। इसके बाद आसपास के लोगों और अंदर मौजूद स्टाफ ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। वहीं, आग लगते ही नीचे के फ्लोर से पहले कपड़ों को बाहर निकाला गया, ताकि आग को ज्यादा न फैलने दिया जाए। कुछ कपड़े सुरक्षित जरूर निकले हैं। हालांकि, आग पूरे मॉल में फैली हुई है।
मॉल के फ्रंट में लगे शीशे लगातार आग की गर्मी से टूट-टूट कर गिर रहे हैं। मॉल में अंदर की तरफ अभी आग काफी तेज है। उसको बुझाने का प्रयास लगातार जारी है। शीशों के टूटने की वजह से लोगों को मॉल से पीछे को ओर किया जा रहा है। बलदेव नगर थाने के SHO रमेश कुमार ने बताया कि आग की सूचना लगते ही सिटी, कैंट और नारायणगढ़ से दमकल की गाड़ियां बुलाई गई हैं। लगातार आग पर काबू करने का प्रयास जारी है।उन्होंने बताया कि यह आग 9 बजे लगी थी। सूचना पर सवा 9 बजे दमकल की टीमें पहुंची थीं। अभी भी आग काफी तेज है। अभी तक कोई जानी नुकसान की सूचना नहीं है। एक बार आग बुझने के बाद अंदर के हालात देखे जाएंगे।

