हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा के अराईपूरा रोड स्थित दरवाजे बनाने की एक फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने से फैक्ट्री में रखा लकड़ी का सामान, कच्चा माल और मशीनें जलकर राख हो गईं। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
शटर से धुआं निकलता देख लोगों ने दी सूचना
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह फैक्ट्री के बंद शटर से धुआं निकलता दिखाई दिया। आसपास के लोगों ने तुरंत फैक्ट्री मालिक को सूचना दी और फायर ब्रिगेड को बुलाया। स्थानीय लोगों ने शटर खोलकर आग बुझाने की कोशिश भी की, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण उसे नियंत्रित नहीं किया जा सका।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के सही कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
लकड़ी, कच्चा माल और मशीनें जलकर राख
फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में लकड़ी के दरवाजे, कच्चा माल और मशीनें रखी हुई थीं। आग ने कुछ ही देर में पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्ट्री मालिक के अनुसार हादसे में करीब 5 से 7 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
पड़ोसियों की सतर्कता से समय पर पहुंची मदद
पड़ोसी सतपाल राणा ने बताया कि उन्होंने फैक्ट्री से धुआं उठता देखा और तुरंत मालिक व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। समय पर सूचना मिलने से आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। उन्होंने सरकार से पीड़ित फैक्ट्री मालिक को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
जांच जारी
फायर ब्रिगेड अधिकारियों ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
