करनाल। करनाल के मेरठ रोड स्थित श्री राम एग्रो फैक्ट्री में शनिवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। आग से उठता धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
आग लगते ही फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण उस पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई।
फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू और राहत कार्य शुरू किया। सब इंस्पेक्टर तरसेम सिंह ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
फैक्ट्री में रखे कैमिकल के ड्रमों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी बड़े विस्फोट या गंभीर हादसे की आशंका टल गई। एहतियात के तौर पर मेरठ रोड की एक लेन को बंद कर दिया गया, जबकि आसपास स्थित पेट्रोल पंपों को भी एहतियातन खाली कराया गया।
बताया जा रहा है कि यह फैक्ट्री भाजपा नेता एवं व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन सतीश गुप्ता की है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट सहित अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है।
आग से लाखों से लेकर करोड़ों रुपये तक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। नुकसान का सही आकलन आग पूरी तरह बुझने और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने बताया कि फैक्ट्री मालिक की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

