Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पानीपत की धागा फैक्ट्री में भीषण आग, जिंदा जला मजदूर; दूसरा गंभीर हालत में रेफर

पानीपत। हरियाणा के पानीपत में मंगलवार तड़के एक धागा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। घायल मजदूर को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

सुबह साढ़े 3 बजे लगी आग

जानकारी के अनुसार, हादसा पानीपत के किशनपुरा के पास शिवनगर के इंडस्ट्री एरिया में श्मशान के पीछे स्थित गुप्ता फैक्ट्री में हुआ। मंगलवार सुबह करीब साढ़े 3 बजे अचानक फैक्ट्री में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

हादसे में रिशू नामक मजदूर की जलने से मौत हो गई, जबकि धनेश्वर गंभीर रूप से झुलस गया। घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रेफर कर दिया गया।

दमकल की दो गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग बुझाने का प्रयास किया। मौके पर पुलिस बल भी पहुंच गया। काफी देर की कोशिशों के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

आग लगने के कारणों का पता नहीं

फैक्ट्री में आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। वहीं, आग से फैक्ट्री में हुए नुकसान का आकलन भी नहीं हो सका है। पुलिस मामले से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। आग लगने के कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

Exit mobile version