Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पानीपत के शहीद मेजर आशीष धौंचक को मरणोपरांत शौर्य चक्र मिला

हरियाणा के पानीपत के शहीद मेजर आशीष धौंचक को मरणोपरांत शौर्य चक्र मिला है। गत दिवस नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शहीद की मां और पत्नी को यह सम्मान दिया। सम्मान पाकर शहीद की मां की आंखों में आंसू आ गए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शहीद की मां को गले लगाकर सांत्वना दी। मेजर आशीष 19 राष्ट्रीय राइफल्स की सिख लाइट इन्फैंट्री में तैनात थे।

आशीष धौंचक 13 सितंबर 2023 को शहीद हो गए थे। उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 15 अगस्त 2023 को सेना मेडल दिया था। मेजर आशीष की 4 साल की एक बेटी है। उनकी पत्नी ज्योति गृहिणी हैं। मेजर का परिवार टीडीआई सिटी में रहता था।

मेजर आशीष धौंचक अनंतनाग में टीम के साथ मिशन पर थे। घने जंगलों के बीच आतंकियों से मुठभेड़ चल रही थी। इसी बीच उनकी जांघ में गोली लग गई। आर्मी की मेडिकल टीम आई और उन्हें इलाज के लिए ले जाना चाहा। मेजर आशीष ने कहा- मैं आतंकियों को मारकर ही जाऊंगा। वे घायल हालत में ही आतंकियों से भिड़ते रहे। करीब 10 घंटे तक उनके पैर से खून बहता रहा। इससे हालत बिगड़ती चली गई। लड़ते-लड़ते उनकी हालत नाजुक हो गई और वे शहीद हो गए।

Exit mobile version