फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में एक होटल के अंदर 40 वर्षीय शादीशुदा महिला की हत्या का मामला सामने आया है। महिला की पहचान चांदनी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, उसके साथ होटल पहुंचे युवक ने कथित तौर पर उसी की चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। आरोपी ने होटल में कमरा लेने के लिए किसी दूसरे व्यक्ति के नाम की आधार ID का इस्तेमाल किया था। पुलिस की क्राइम ब्रांच टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं।
सुबह बॉयफ्रेंड के साथ होटल पहुंची थी महिला
जानकारी के अनुसार, चांदनी शनिवार सुबह करीब 10 बजे अपने बॉयफ्रेंड के साथ बल्लभगढ़ के मथुरा रोड स्थित एक गेस्ट हाउस पहुंची थी। होटल में दोनों ने कमरा लिया। होटल कर्मचारियों के मुताबिक, दोपहर में दोनों बाहर से खाना लेकर कमरे में लौटे थे। इसके बाद वे कमरे में ही रहे।
रात को बेड पर बेसुध मिली महिला
रात के समय होटल स्टाफ कमरे की तरफ पहुंचा तो दरवाजा खुला मिला। अंदर चांदनी बेड पर बेसुध पड़ी थी, जबकि उसके साथ आया युवक गायब था। कर्मचारियों ने उसे आवाज लगाई और उठाने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद होटल मैनेजर को बुलाकर पुलिस को सूचना दी गई।
महिला की ही चुन्नी से गला घोंटने का आरोप
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला की हत्या उसकी ही चुन्नी से गला घोंटकर की गई। बताया जा रहा है कि वारदात से पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि, झगड़े की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
दूसरे व्यक्ति की आधार ID देकर होटल में लिया था कमरा
जांच में एक अहम बात सामने आई है कि आरोपी ने होटल में अपनी असली पहचान के बजाय किसी अन्य व्यक्ति के नाम की आधार ID जमा कराई थी। पुलिस इस दस्तावेज की जांच कर रही है। आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए ऐसा क्यों किया और क्या हत्या की पहले से योजना बनाई गई थी, इसका खुलासा गिरफ्तारी के बाद हो सकता है।
तीन बच्चों की मां थी चांदनी, पति बेंगलुरु में करता है काम
परिजनों के अनुसार, चांदनी का पति सुबोध कुमार करीब तीन महीने पहले काम के सिलसिले में बेंगलुरु चला गया था, जहां वह पेंटर का काम करता है। परिवार पिछले करीब 10 साल से फरीदाबाद में रह रहा था।
चांदनी के तीन बच्चे हैं। बड़ी बेटी नेहा (20) की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा सागर (16) और छोटी बेटी चंदा (13) पढ़ाई कर रहे हैं।
बिहार से लौटकर गदपुरी में रहने लगी थी
चांदनी के भाई घनश्याम ने बताया कि फरीदाबाद में काम नहीं मिलने के कारण उसका जीजा बेंगलुरु चला गया था। इसके बाद चांदनी करीब दो महीने पहले बच्चों के साथ बिहार चली गई थी। लगभग एक महीने पहले वह अकेली फरीदाबाद वापस लौटी और गदपुरी इलाके में किराए का कमरा लेकर रहने लगी। यहां वह मजदूरी करके अपना गुजारा कर रही थी।
क्राइम ब्रांच की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुटीं
चावला कॉलोनी चौकी इंचार्ज जसबीर के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए क्राइम ब्रांच की कई टीमें लगाई गई हैं। पुलिस महिला और आरोपी के संबंधों के साथ-साथ होटल में जमा कराई गई ID और घटनाक्रम की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत से जुड़े तथ्यों की पुष्टि होगी।
फिलहाल आरोपी फरार है। पुलिस की जांच और गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की असली वजह सामने आ सकेगी।
