सिरसा के विष्णुपुरी कॉलोनी डबवाली रोड निवासी सुरेंद्र सिंह सैनी ने रोहतक के पुरानी सब्जी मंडी थाने में दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी 33 वर्षीय बेटी ज्योति की शादी 2 मार्च 2020 को रोहतक के सैनीपुरा निवासी आकाश के साथ की थी। ज्योति ने 15 दिसंबर 2022 को एक बेटे मनन को जन्म दिया। आरोप लगाया कि ज्योति को उसका पति, सास-ससुर व जेठ-जेठानी तंग करते थे। ज्योति की सास उस पर दबाव बना रही थी कि वह बेटा अपनी जेठानी को दे दे, क्योंकि उसकी जेठानी को कोई बच्चा नहीं था। इसके लिए उसकी बेटी ज्योति को परेशान करते थे।
उन्होंने बताया कि 23 मार्च को ज्योति की सास का ज्योति की मां के पास फोन आया। उसने बताया कि ज्योति की मौत हो गई है। इसके बाद वे रोहतक के पीजीआईएमएस में पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि ज्योति को उसके ससुराल वालों (पति, सास-ससुर व जेठ-जेठानी) ने मिलकर मारा है। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को देकर ससुराल वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। जिसके आधार पर पुलिस ने पति, सास-ससुर व जेठ-जेठानी के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

