Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में जहरीला पदार्थ निगलने से विवाहिता की मौत: भाई ने पति और सास पर प्रताड़ित करने का लगाया आरोप, जबरन जहर देने का शक

रोहतक: शहर की छोटूराम कॉलोनी में जहरीला पदार्थ निगलने के बाद उपचाराधीन विवाहिता की मौत हो गई। मृतका की पहचान अंजुबाला के रूप में हुई है। वह मूल रूप से झज्जर जिले के गांव डीघल की रहने वाली थी और पिछले कई वर्षों से पति, बेटे और सास-ससुर के साथ रोहतक में रह रही थी।

मृतका के भाई संजय कुमार ने पति सचिन और सास शकुंतला पर पिछले 5-6 साल से बहन को परेशान करने का आरोप लगाया है। भाई ने यह शक भी जताया कि अंजुबाला को जबरन जहरीला पदार्थ खिलाया गया हो सकता है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2008 में हुई थी अंजुबाला की शादी

मृतका के भाई संजय कुमार, निवासी गांव धारनिया, जिला फतेहाबाद, ने बताया कि उसकी बहन अंजुबाला की शादी 11 फरवरी 2008 को सचिन के साथ हुई थी। सचिन राजकीय बहुतकनीकी कॉलेज, नाथूसरी चौपटा, सिरसा में कार्यरत है।

संजय के अनुसार, पिछले करीब 5-6 वर्षों से सचिन और उसकी मां शकुंतला अंजुबाला को परेशान कर रहे थे। अंजुबाला अपने पति, बेटे जयबीर और सास-ससुर के साथ छोटूराम कॉलोनी में रह रही थी।

7 नवंबर को जहरीला पदार्थ निगलने की मिली सूचना

संजय ने पुलिस को बताया कि 7 नवंबर की शाम उसे फोन पर सूचना मिली कि अंजुबाला ने जहरीला पदार्थ निगल लिया है और उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही वह अपने ताऊ कृष्ण लाल के साथ अस्पताल पहुंचा। उस समय अंजुबाला ICU में भर्ती थी और उसका उपचार चल रहा था।

दीपावली के दिन उपचार के दौरान हुई मौत

परिजनों के अनुसार, दीपावली के दिन उपचार के दौरान अंजुबाला ने दम तोड़ दिया। संजय ने बताया कि करवाचौथ के दिन भी उसकी बहन ने उसे घर बुलाया था, लेकिन सामाजिक मान-मर्यादा के चलते परिवार ने उस समय कोई कदम नहीं उठाया।

भाई ने पति पर जबरन जहरीला पदार्थ खिलाने का शक जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया

मामले की सूचना मिलने पर शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर रोहतक PGI के डेड हाउस में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

थाना प्रभारी राकेश कुमार के अनुसार, महिला की जहरीला पदार्थ निगलने से मौत होने की सूचना मिली थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। भाई की शिकायत में पति सचिन और सास शकुंतला पर लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।

Exit mobile version