Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

शादी के 4 महीने बाद विवाहिता ने की आत्महत्या…मायके के पानी के टैंक में मिला शवपरिजनों ने पति पर लगाए गंभीर आरोप

हरियाणा के नारनौल में शादी के महज चार महीने बाद एक 24 वर्षीय विवाहिता ने अपने मायके में घर के अंदर बने पानी के टैंक में कूदकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करता था और सुंदर नहीं होने के ताने देता था। सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

चार महीने पहले हुई थी शादी

मृतका की पहचान ईश्वर कॉलोनी निवासी मेघा (24) के रूप में हुई है। उसकी शादी 20 अप्रैल 2026 को जोरासी गांव निवासी धीरज के साथ हुई थी। धीरज मानेसर की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। सोमवार सुबह मेघा का शव उसके मायके में बने पानी के टैंक से बरामद हुआ।

बहन बोली- दहेज और तानों से रहती थी परेशान

मृतका की बहन रजनी ने बताया कि मेघा ने एमएससी और बीएड की पढ़ाई की थी और आगे बढ़ना चाहती थी, लेकिन उसका पति उसे पढ़ाई और करियर में आगे नहीं बढ़ने देता था। शादी के बाद से ही वह दहेज के लिए पैसों की मांग करता था और छोटी-छोटी बातों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था।

परिजनों का यह भी आरोप है कि धीरज मेघा को अक्सर “सुंदर नहीं हो” कहकर अपमानित करता था। मेघा ने परिवार को यह भी बताया था कि उसके पति के अन्य महिलाओं से संबंध होने का उसे संदेह था, जिससे वह मानसिक तनाव में रहती थी।

रविवार को मायके छोड़कर गया था पति

रजनी के अनुसार, रविवार को धीरज मेघा को मायके छोड़कर गया था। रात में दोनों बहनें एक ही कमरे में सोई थीं। सोमवार सुबह परिवार के लोगों ने देखा कि घर के पानी के टैंक का ढक्कन खुला हुआ है। मेघा कमरे में नहीं मिली तो टैंक में देखने पर उसका शव मिला। परिजनों के मुताबिक, उसके मुंह से झाग भी निकल रहे थे।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version