Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

मनीषा मौत केस, भिवानी पहुंची CBI टीम फील्ड में उतरी:टीचर के घर पहुंची, परिजनों से पूछताछ कर सकती है; स्कूल-घटनास्थल का जायजा ले चुकी

हरियाणा में भिवानी जिले के गांव ढाणी लक्ष्मण की टीचर मनीषा की मौत मामले में जांच करने पहुंची CBI टीम शनिवार को फील्ड में उतरी है। CBI टीम शनिवार को गांव सिंघानी के प्ले स्कूल पहुंची, जहां मनीषा बच्चों को पढ़ाती थी।

टीम ने यहां स्कूल के स्टाफ से पूछताछ की। कुछ देर बाद ही टीम उस स्थान पर भी पहुंची, जहां मनीषा का शव बरामद हुआ था। यहां कुछ देर रुकने के बाद टीम मनीषा के गांव ढाणी लक्ष्मण को निकली है। आज टीम मनीषा के परिजनों से भी पूछताछ कर सकती है।

बता दें कि 3 सितंबर से CBI टीम भिवानी में डेरा डाले हुए है। टीम को PWD के रेस्ट हाउस में ठहराया गया है। अब तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर टीम केस से जुड़ी रिपोर्ट ले चुकी है।

सुबह करीब 11 बजे डिगावा स्थित PWD रेस्ट हाउस से टीम दो गाड़ियों में सवार होकर जांच के लिए फील्ड में उतरी। टीम सबसे पहले गांव सिंघानी के किड्स केयर सीएससी बाल विद्यालय पहुंची। यहां टीम ने सबसे पहले स्कूल के स्टाफ को इकट्‌ठा किया और उनसे पूछताछ की। स्कूल के आसपास का जायजा लिया। हालांकि, टीम यहां करीब 15 मिनट ही रुकी और जानकारी जमा की।

इसके बाद टीम स्कूल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर घटनास्थल पहुंची। यहां मनीषा का शव बरामद हुआ था। पुलिस ने उस जगह को पीली पट्टियां लगाकर सील कर रखा है। टीम ने उस जगह का मुआयना किया। वहां से भी कुछ सबूत जुटाए हैं।

घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद सीबीआई की टीम मनीषा के गांव ढाणी लक्ष्मण पहुंची। टीम मनीषा के घर पहुंची। टीम इस समय यहीं पर मौजूद है। यहां मनीषा के परिवारवालों से पूछताछ हो सकती है। हालांकि, अब तक CBI टीम को क्या मिला, इसके बारे में अभी कोई जानकारी शेयर नहीं की गई है।

Exit mobile version