गुरुग्राम में सोमवार सुबह एक CNG पंप के मैनेजर व दो करिंदों का कत्ल हो गया। तीनों की हत्या चाकू और तेजधार हथियार से की गई। सूचना के बाद गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर कला रामचन्द्रम से लेकर तमाम पुलिस अधिकारी पहुंचे। हत्या की वजह क्या रही और किसने तीनों को मारा अभी यह पता नहीं चल पाया है। लोकल पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच की कई टीमें पूरे मामले की जांच में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे पर सेक्टर-31 में CNG पंप बना हुआ है। रविवार की रात पंप पर मैनेजर उत्तर प्रदेश निवासी पुष्पेन्द्र, बुलंदशहर निवासी ऑपरेटर भूपेन्द्र(21) के अलावा अलीगढ़ निवासी नरेश (21) ड्यूटी पर थे। बताया जा रहा है कि अलसुबह करीब 3 बजे हमलावर पेट्रोप पंप पर पहुंचे और फिर तीनों पर चाकू व अन्य तेजधार हथियार से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। मैनेजर पुष्पेन्द्र व भूपेन्द्र पर मैनेजर रूम में ही हमला किया गया और नरेश ऑफिस के बाहर वार किए।
इस बीच नरेश घायल अवस्था में ही भागता हुआ साथ में बने एक पेट्रोप पंप पर पहुंचा और फिर गिर गया। पेट्रोप पंप के कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस छानबीन करते हुए सीएनजी पंप पर पहुंची तो उसके भी होश उड़ गए। मैनेजर रूम में दो और शव पड़े हुए थे।
ट्रिपल मर्डर की इस वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना के बाद पहले डीसीपी और फिर खुद पुलिस कमिश्नर कला रामचन्द्रम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया है।
पहले लाइट बंद की
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक वारदात से पहले बदमाशों ने सीएनजी पंप की लाइट को बंद किया और फिर वारदात की। शुरुआती तफ्तीश में सामने आया कि तीनों ही तेजधार हथियार से बेरहमी से हत्या की गई। हालांकि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि हत्या किसने और क्यों अंजाम दी।
तीनों के शव पर दर्जनों वार
तीनों हत्या बड़ी बेरहमी से की गई। तीनों के शरीर पर तेजधार हथियार के एक-दो नहीं, बल्कि दर्जनों वार के निशान है। पुलिस ट्रिपल मर्डर की इस ब्लाइंड मिस्ट्री को सुलझाने के लिए हर एंगल से जांच में जुटी है। पुलिस इसे लूट के इरादे से की गई हत्या से भी जोड़कर देख रही है।

