महम से कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर फायरिंग करने के मामले में रोहतक पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सीआईए टीम ने मुठभेड़ के बाद मामले में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए पीजीआई रोहतक के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, सीआईए टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि फायरिंग मामले में शामिल आरोपी लाखनमाजरा से खरकड़ा रोड की तरफ जा रहा है। सूचना के आधार पर सीआईए इंचार्ज कुलदीप के नेतृत्व में टीम ने इलाके में घेराबंदी की। जब पुलिस ने संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया तो उसने भागने की कोशिश की। इस दौरान हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग से आरोपी के पैर में गोली लग गई।
गैंगस्टर छोटा सैमाणिया का गुर्गा बताया जा रहा आरोपी
पुलिस ने आरोपी की पहचान अमन के रूप में की है। प्रारंभिक जांच में वह गैंगस्टर सुमित उर्फ छोटा सैमाणिया का गुर्गा बताया जा रहा है। सुमित उर्फ छोटा सैमाणिया पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि वह फरवरी 2026 में हरिद्वार के रास्ते विदेश फरार हो गया था। इससे पहले भी वह शराब के ठेके पर फायरिंग के मामले में गिरफ्तार हो चुका है।
शुक्रवार रात विधायक कार्यालय पर हुई थी फायरिंग
गौरतलब है कि शुक्रवार रात महम में कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की आठ टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।
घायल आरोपी को पीजीआई भेजा गया
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे उपचार के लिए पीजीआई रोहतक भेजा गया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके गैंगस्टर सुमित उर्फ छोटा सैमाणिया से संबंधों के अलावा अन्य आपराधिक मामलों में भूमिका की जांच कर रही है।
जल्द पकड़े जाएंगे अन्य आरोपी
सीआईए इंचार्ज कुलदीप ने बताया कि विधायक कार्यालय फायरिंग मामले में शामिल एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



