रोहतक में सड़क किनारे स्कूटी के पास खड़े एक व्यक्ति को पीछे से आ रहे डंपर की टक्कर ने टक्कर मार दी, जिसकी वजह से उसके चेहरे के चिथड़े उड़ गए और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मौके पर पहुँची पुलिस ने शव की शिनाख्त के बाद पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। मृतक के भतीजे की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी डंपर चालक पर केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
रोहतक के गांव शिमली निवासी विकास ने बताया है कि वह और उसके चाचा जयकिशन (44) बुधवार को किसी काम से नामदेव चौक की ओर गए थे। वहां से दोपहर को वापस आ रहे थे। स्कूटी वह खुद ही चला रहा था। सुनारिया चौक के पास स्कूटी को सड़क किनारे खड़ा कर वह लघुशंका के लिए चला गया। चाचा जय किशन स्कूटी के पास ही खड़े रहे। इस बीच पीछे से आ रहे डंपर ने चाचा व स्कूटी को टक्कर मार दी। इसके बाद लहूलुहान अवस्था में उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। डंपर चालक डंपर को थोड़ी आगे खड़ा करके घटनास्थल से भाग गया।
मामले में जांच अधिकारी विनोद ने बताया कि मृतक की दो दिन पहले ही कोरोना जांच हुई थी, इसलिए पोस्टमार्टम में ज्यादा समय नहीं लगा। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। डंपर चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही वह गिरफ्त में होगा।

