Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हिसार में दिवाली पार्टी के दौरान युवक की चाकू घोंपकर हत्या: पटाखे जलाने को लेकर होटल में विवाद, 5 हमलावर फरार

हिसार/बरवाला: हरियाणा के हिसार जिले के बरवाला में दीपावली की रात पटाखे जलाने को लेकर हुए विवाद में 25 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। होटल में दोस्तों के साथ दिवाली पार्टी कर रहे युवक की पांच लोगों ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आया उसका दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए।

मृतक की पहचान गांव मतलौडा निवासी मंदीप के रूप में हुई है। उसके घायल दोस्त नसीब को अग्रोहा स्थित महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीसरा साथी सचिन सुरक्षित बताया जा रहा है।

होटल में पटाखे जलाने पर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, मंदीप, नसीब और सचिन दीपावली की रात बरवाला के एक होटल में बैठे हुए थे। इसी दौरान वहां पांच अन्य युवक भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि मंदीप के पटाखे जलाने पर दूसरे पक्ष के युवकों ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही झगड़े में बदल गई।

होटल से नीचे आते समय चाकू से हमला

बताया जा रहा है कि जब मंदीप, नसीब और सचिन होटल से नीचे आने लगे तो दूसरे पक्ष के युवकों ने मंदीप पर चाकू से कई वार कर दिए। मंदीप को बचाने के लिए नसीब आगे आया तो हमलावरों ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद पांचों आरोपी मौके से फरार हो गए।

अस्पताल में मंदीप ने तोड़ा दम, नसीब की हालत गंभीर

घटना के बाद घायल मंदीप और नसीब को बरवाला के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां गंभीर चोटों के कारण मंदीप की मौत हो गई। वहीं नसीब की हालत गंभीर होने के चलते उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज-अस्पताल रेफर किया गया।

खेतीबाड़ी करता था मंदीप, एक बेटे का पिता था

मंदीप खेतीबाड़ी का काम करता था। वह शादीशुदा था और उसका एक बेटा भी है। दीपावली की रात हुई इस वारदात से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव मतलौडा में भी शोक का माहौल है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, आरोपियों की तलाश जारी

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस होटल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। फिलहाल पांचों आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Exit mobile version