Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में व्यक्ति से झपटमारी: 2 युवकों ने छीना मोबाइल और कैश, अपने घर बिहार पैसे भेजने जा रहा था पल्लेदार

रोहतक में रविवार रात को झपटमारी की घटना सामने आई। वारदात उस समय हुई जब बिनौला खल फैक्ट्री का पल्लेदार रुपए अपने घर भेजने के लिए जा रहा था। इसी बीच मोटरसाइकिल सवार दो युवक आए। जिन्होंने पीड़ित का मोबाइल फोन व नकदी झपटा मारकर छीन ली और फरार हो गए।

बिहार के जिला मधेपुरा के गांव दुधेला निवासी रविचरण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पिछले करीब 2 साल से मोरखेड़ी रोड स्थित बिनौला खल फैक्ट्री में पल्लेदारी का काम करता है। वहां पर ही रहता है। रविवार को उसने अपने फैक्ट्री मालिक से 7 हजार रुपए अपना घर खर्चा भेजने को लिए थे।

वह रात करीब 7 बजे बिनौला खल फैक्ट्री से अपने साथी दिवाकर शर्मा के साथ घर रुपए भेजने के लिए गांव हुमायूंपुर अड्‌डा पर जा रहे थे। वह अपने घर ऑनलाइन माध्यम से पैसे भेजने वाले थे। जब वे मोरखेड़ी रोड पर गंदा नाला के पास पहुंचे तो पीछे से एक बाइक आई, जिस पर दो युवक सवार थे। इस दौरान बाइक पर पीछे बैठे युवक ने झपटा मारकर उसका मोबाइल फोन छीन लिया। उसने अपने मोबाइल के कवर में 7 हजार रुपए भी डाले हुए थे। इसके बाद आरोपी गांव हुमायूंपुर की तरफ भाग गए।

उन्होंने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। जिसमें बताया कि अंधेरा होने के कारण मोटरसाइकिल का नंबर नहीं देख पाए और आरोपी घटना को अंजाम देकर फरार होने में सफल रहे। वहीं सूचना पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।

Exit mobile version