Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में व्यक्ति का मर्डर:नहर में शव फेंका; गला और पैर कपड़े से बांधे हुए थे, सिर पर चोट के निशान

रोहतक के गांव दतौड़ से गुजर रही भालौठ माइनर में एक व्यक्ति का शव मिला है। उसके सिर पर चोट के निशान हैं, हाथ और गला कपड़े से बंधा हुआ था। देखकर लग रहा था कि उसकी हत्या करने के बाद शव खुर्द-बुर्द करने के लिए नहर में फेंका गया है।

इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हालांकि, अब तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। गांव दतौड़ के राकेश कुमार ने सांपला थाना में दी शिकायत में बताया कि मंगलवार को वह अपने गांव के बुढियावाली मंदिर गए थे। वापस आते हुए मंदिर के पास लगती नहर भालौठ माइनर की पुलिया से एक शव नहर में अटका देखा। तब घटना की सूचना पुलिस को दी।

उन्होंने बताया कि शव को देखकर लग रहा है कि व्यक्ति की हत्या कर फेंका गया है। शव के पैर कपड़े से बांध रखे थे। वहीं, उसी कपड़े को गर्दन में भी बांधा हुआ था। साथ ही मुंह व चेहरे को कपड़े से ढंका हुआ था। सिर की तरफ कपड़े पर खून लगा हुआ था।

सांपला थाना प्रभारी सुलेंद्र सिंह ने बताया कि गांव दतौड़ के पास से गुजर रही भालौठ माइनर में व्यक्ति का शव मिला है। उसके गले व पैर में कपड़ा बंधा था और सिर व अन्य शरीर पर चोट के निशान हैं। इसे देखते हुए हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मृतक की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

Exit mobile version