Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में जलघर में डूबने से व्यक्ति की मौत: बाहर मिले कपड़े और मोबाइल; घंटों चले सर्च ऑपरेशन के बाद निकाला शव

रोहतक के गांव बलंभ के जलघर में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, मृतक नहाने के लिए जलघर में उतरा था और पानी का स्तर अधिक होने के कारण वह डूब गया। कपड़े और मोबाइल जलघर के पास मिलने से लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

मृतक की पहचान गांव बलंभ निवासी राकेश (40) के रूप में हुई है। घंटों सर्च अभियान के बाद उसके शव को पानी से बाहर निकाला गया। मृतक 4 बच्चों का पिता था। 3 बेटी व एक बेटे को मेहनत करके पाल रहा था। इस घटना के बाद परिवार में मातम छाया हुआ है।

रविवार को राकेश घर पर ही था। शाम को वह गांव के जलघर की तरफ चला गया। शाम को कर्मचारी जलघर के पास गया तो वहां किनारे पर राकेश के कपड़े, चप्पल व मोबाइल फोन पड़ा हुआ मिला। जब परिवार वालों ने फोन किया तो जलघर के कर्मचारी ने फोन उठाया। जिसकी सूचना पाकर परिवार वाले भी जलघर के पास पहुंच गए।

घटनास्थल पर ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जिस समय पुलिस मौके पर पहुंची उस समय जलघर में जलस्तर करीब 12-14 फीट तक था। जिसके कारण राकेश की तलाश भी प्रभावित हो रही थी। ट्रैक्टरों की मदद से जलघर का जलस्तर कम किया गया। जिसके बाद सोमवार को राकेश का शव पानी से बाहर निकाला गया।

पुलिस थाना कलानौर के SHO राजबीर सिंह ने बताया कि पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई थी। काफी मशक्कत के बाद शव को जलघर से निकाला गया। मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए गए है। जिनके बयान के आधार पर इत्फाकिया कार्रवाई की गई है।

Exit mobile version