Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में लिव-इन पार्टनर के साथ युवक की हत्या, दोनों के शव नहर से बरामद, दो गिरफ्तार

हरियाणा के रोहतक जिले में दिल्ली निवासी एक युवक और उसकी लिव-इन पार्टनर की हत्या कर शव नहर में फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दोनों के शव आसौधा के पास नहर से बरामद किए गए हैं। मृतक युवक करीब आठ महीने से अपनी महिला साथी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। मामले में युवक के दोस्तों पर हत्या का आरोप लगा है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान दिल्ली निवासी युवक और उसकी लिव-इन पार्टनर के रूप में हुई है। युवक पहले रोहतक के सांपला खंड के गांव हसनगढ़ में जनरल स्टोर चलाता था। करीब आठ महीने पहले उसने दुकान बंद कर दी थी और अपनी गर्लफ्रेंड के साथ दिल्ली में रहने लगा था।

जानकारी के मुताबिक, 26 सितंबर को दोनों कार से अपने दोस्तों से मिलने रोहतक आए थे। इसके बाद 30 सितंबर को युवक की अपनी मां से आखिरी बार फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद दोनों से संपर्क नहीं हो पाया। रविवार शाम दोनों के शव आसौधा के पास नहर से बरामद किए गए।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक ने हाल ही में कुछ जमीन बेची थी। उसे करीब 30 लाख रुपये मिले थे। वहीं, उसकी कार भी गायब मिली है। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है कि कहीं पैसे और कार को लेकर तो हत्या नहीं की गई।

सांपला थाना पुलिस ने हसनगढ़ निवासी नितेश उर्फ मेडिस और नितेश उर्फ बच्चा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। दोनों को गिरफ्तार कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। हालांकि, पुलिस के मुताबिक अभी हत्या की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस वारदात में इस्तेमाल कार और अन्य संभावित सबूतों की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के बाद हत्या के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Exit mobile version