रोहतक में ममता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जहां एक मां ने नवजात भ्रूण को नाले में फेंक दिया और पहचान छिपाने का प्रयास किया। इस घटना का उस समय पता चला जब सफाई कर्मचारी उस नाले की सफाई करने पहुंचा। सफाई कर्मचारी ने नवजात लड़के के भ्रूण को देखकर इसकी सूचना पुलिस को दी।
नगर निगम के सफाई कर्मचारी गांव बहु अकबरपुर निवासी जसवंत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी ड्यूटी पाड़ा मोहल्ला पानी के बूस्टर घर पर लगाई गई है। मंगलवार सुबह वह पाड़ा मोहल्ला में पानी के बूस्टर के साथ बने नाला की सफाई कर रहा था। इसी दौरान देखा कि नाले में एक नवजात शिशु का भ्रूण पड़ा हुआ है।
नाले में मिले नवजात शिशु के भ्रूण की उम्र भी करीब 9 माह लग रही थी। भ्रूण की ओरनाल भी साथ लगी हुई थी। जिसे किसी अज्ञात महिला द्वारा फेंका गया था। इसके बाद सफाई कर्मचारी ने मामले की शिकायत पुलिस को दे दी। सूचना पाकर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
पुरानी सब्जी मंडी पुलिस थाना के जांच अधिकारी ASI अनिल कुमार ने बताया कि उन्होंने सफाई कर्मचारी के बयान दर्ज किए हैं। जिसके आधार पर अज्ञात महिला के खिलाफ भ्रूण फेंकने व पहचान छिपाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
पुरानी सब्जी मंडी पुलिस थाना SHO बिजेंद्र सिंह ने बताया कि भ्रूण फेंकने वाली महिला की तलाश की जा रही है। इसके लिए घटनास्थल के आसपास में लगे CCTV कैमरों को भी खंगाला जा रहा है ताकि महिला का पता लगाया जा सके। प्राथमिक दृष्टि से भ्रूण ज्यादा पुराना भी नहीं है।
