Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के इस ज़िले में ममता फिर हुई शर्मसार ,झाड़ियों में मिला 10 माह का बच्चा, रोने की आवाज सुनकर देखने पहुंची महिलाएं

जींद में राजकीय रेलवे पुलिस थाना और क्वार्टरों के बीच झाड़ियों में करीब 10 माह का बच्चा मिला है। बच्चे के रोने की आवाज कॉलोनी के लोगों को सुनाई पड़ी तो वे मौके पर पहुंचे। वहां पर कपड़े में लिपटा हुआ बच्चा मिला। बच्चे के पास दूध की निप्पल वाली बोतल भी थी। बच्चा कुपोषण का शिकार और बीमार लग रहा है। पुलिस ने बच्चे के माता-पिता की खोज के लिए आसपास के क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया, लेकिन सुराग नहीं लगा।

रेलवे क्वाटरों के पास रहने वाली महिला जीवनी देवी ने कहा कि झाड़ियों से बच्चे के रोने की आवाज आ रही थी। वे मौके पर पहुंची तो झाड़ियों में एक बच्चा कपड़े में लिपटा हुआ मिला। बच्चे के पास ही दूध की छोटी बोतल भी थी। इस पर जीवनी देवी ने आसपास की महिलाओं को बुलाया और बच्चे को उठाकर उसे दूध पिलाया। डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना के बाद पटियाला चौक पुलिस चौकी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। पहले आसपास झुग्गी-झोपड़ियों में पता किया गया कि बच्चे को यहां कौन डालकर गया है। इसके बाद अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सीडब्ल्यूसी डिपार्टमेंट को सूचित किया गया। सीडब्ल्यूसी से कर्मचारी आकर चाइल्ड केयर होम में बच्चे को ले गए।

जीवनी देवी के बेटे राजबीर ने बताया कि वह भी पुलिस में सर्विस करता है। उसके पास उसकी मां की कॉल आई थी कि 8 से 10 माह के बच्चे को झाड़ियों में कोई डालकर चल गया है। राजबीर ने कहा कि पुलिस को इसकी सूचना दे दें और बच्चे की संभाल करें, ताकि उसे किसी तरह की दिक्कत न हो। पटियाला चौकी जांच अधिकारी जसबीर का कहना है कि बच्चा बीमार लग रहा है। बच्चे के माता-पिता को ढूंढने के लिए तहकीकात की जा रही है।

Exit mobile version