हरियाणा पुलिस में कांस्टेबल भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने पुरुष कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) और पुरुष कांस्टेबल (गवर्नमेंट रेलवे पुलिस) भर्ती प्रक्रिया को लेकर नया सार्वजनिक नोटिस जारी किया है।
आयोग ने फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT) में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के अनुपस्थित रहने और अन्य प्रशासनिक कारणों को देखते हुए अब अतिरिक्त उम्मीदवारों को मौका देने का फैसला लिया है। इसके तहत आयोग ने कुल पदों के मुकाबले अतिरिक्त 5 गुना उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। यह भर्ती हरियाणा पुलिस विभाग में विज्ञापन संख्या 01/2026 के तहत की जा रही है।आयोग ने साफ किया है कि आवश्यकता पड़ने पर भविष्य में उम्मीदवारों की संख्या और बढ़ाई जा सकती है।
आयोग की ओर से जारी नोटिस के अनुसार यह सूची दो पदों के लिए जारी की गई है। इनमें पहला पद पुरुष कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) और दूसरा पुरुष कांस्टेबल (गवर्नमेंट रेलवे पुलिस) का है। दोनों पद हरियाणा पुलिस विभाग के अंतर्गत आते हैं और इनकी भर्ती विज्ञापन संख्या 01/2026 की कैटेगरी नंबर 01 और 03 के तहत की जा रही है।
शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों का फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT) 19 मई 2026 से शुरू होगा। आयोग ने PMT का विस्तृत शेड्यूल भी जारी कर दिया है, जिसे Annexure-A में शामिल किया गया है। उम्मीदवारों को निर्धारित तिथि और समय पर परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा।
