Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

अंकित बालियान मर्डर केस में बड़ा मोड़? 5 गांवों की पंचायत, परिवार ने पुलिस से लगाई गुहार

सोनीपत। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में जिम्मेदारी लेने वाले राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया के गांव शाहपुर में मंगलवार को पांच गांवों की पंचायत हुई। पंचायत में रायपुर, शाहपुर, रेवली, गढ़ शहजानपुर और फाजिलपुर के ग्रामीण शामिल हुए।पंचायत में भोलू की मां राजपति ने आरोप लगाया कि अंकित बालियान हत्याकांड के बाद यूपी पुलिस लगातार उनके घर आ रही है और घर गिराने व जान से मारने की धमकी दे रही है। उन्होंने कहा कि डर की वजह से उनका छोटा बेटा रितेश भी घर से चला गया है। राजपति ने पुलिस से परिवार को परेशान नहीं करने की अपील की।पंचगामा प्रधान महेंद्र सिंह ने बताया कि पंचायत में फैसला लिया गया है कि ग्रामीण अंकित हत्याकांड के आरोपियों को पकड़ने में पुलिस का सहयोग करेंगे। साथ ही यूपी पुलिस से परिवार को परेशान नहीं करने की अपील की गई है।

भोलू की मां राजपति ने बताया कि राहुल उर्फ भोलू करीब चार साल से गांव नहीं आया। वह नौकरी करने की बात कहकर घर से निकला था, जिसके बाद वापस नहीं लौटा। उन्होंने बताया कि भोलू के पिता सुरेश को लकवा हो गया था और छोटे बेटे रितेश उनकी देखभाल करता था। करीब दो महीने पहले सुरेश की मौत हो गई, लेकिन भोलू अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हुआ। राजपति का आरोप है कि अंकित बालियान की हत्या के बाद पुलिस कई बार उनके घर पहुंची और उनके बेटों को लेकर धमकियां दीं। उन्होंने कहा कि रितेश ही अब उनका सहारा है और पुलिस की कार्रवाई से पूरा परिवार डरा हुआ है।

भोलू के चाचा रमेश ने पंचायत में कहा कि अंकित बालियान हत्याकांड में उनके बेटे चिराग का नाम भी सामने आया है, जबकि वह पिछले करीब तीन साल से पढ़ाई के लिए कनाडा में रह रहा है। रमेश ने कहा कि अगर चिराग इस मामले में दोषी है तो उसे भी सजा मिलनी चाहिए, लेकिन यदि उसका कोई लेना-देना नहीं है तो परिवार को परेशान नहीं किया जाना चाहिए।

अंकित बालियान की 26 अगस्त को हत्या के बाद राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया के नाम से एक इंस्टाग्राम पोस्ट सामने आई थी। इस पोस्ट में ‘कोर्ट में गोली मारेंगे’ गाने को लेकर अंकित की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था।पुलिस जांच में इस मामले को गैंगवार और गाने को लेकर हुए विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। मामले में फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Exit mobile version