गुवाहाटी। असम में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। कामरूप जिले के डिगारू रेलवे स्टेशन पर कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस (13125) का इंजन और 5 डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे में करीब 50 यात्रियों के घायल होने की सूचना है। हालांकि, रेलवे की ओर से शुरुआती जानकारी में सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की बात कही गई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग यात्रियों की मदद के लिए पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 6:54 बजे हुआ। ट्रेन कोलकाता से मिजोरम के सैरंग जा रही थी। डिगारू रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को दूसरी लाइन पर लिया जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन की रफ्तार कम नहीं हो पाई और वह दूसरी लाइन पर लगे बैरिकेड्स से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इंजन समेत पांच डिब्बे पटरी से उतर गए।
लोको पायलट का वीडियो आया सामने
हादसे के समय का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोको पायलट केबिन के अंदर से स्थिति रिकॉर्ड करते दिखाई दे रहे हैं। करीब 45 सेकेंड के इस वीडियो में लोको पायलट यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि कुछ भी काम नहीं कर रहा है। सिग्नल फेल है और इमरजेंसी सिस्टम भी काम नहीं कर रहा।
वीडियो में लोको पायलट ‘S9-A9’ सिस्टम के भी काम नहीं करने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद हादसे के कारणों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, तकनीकी खराबी और ब्रेक फेल होने की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
रेलवे ने बताया कैसे हुआ हादसा
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के मुताबिक, डिगारू स्टेशन पर ट्रेन को दूसरी लाइन पर लेने की प्रक्रिया के दौरान हादसा हुआ। बताया गया कि दूसरी ट्रेन को प्राथमिकता देने के लिए ट्रेन की गति कम नहीं हो सकी और इंजन दूसरी लाइन पर लगे बैरिकेड्स से जा टकराया। इसके बाद इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए।
राहत-बचाव कार्य शुरू, घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, कर्मचारी और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। यात्रियों को डिब्बों से बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में मदद की और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। रेलवे की ओर से यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था किए जाने की जानकारी दी गई है।
हादसे की जांच के बाद सामने आएगी असली वजह
इस घटना में सबसे बड़ा सवाल यह है कि ट्रेन की गति नियंत्रित क्यों नहीं हो पाई और लोको पायलट द्वारा वीडियो में बताई गई तकनीकी समस्याओं की वास्तविक स्थिति क्या थी। रेलवे की जांच में सिग्नलिंग सिस्टम, ब्रेक और इंजन के तकनीकी उपकरणों की भूमिका की पड़ताल की जाएगी। फिलहाल हादसे के कारणों और घायलों की वास्तविक संख्या को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
