चंडीगढ़/फरीदाबाद। हरियाणा सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 7 IPS और 39 HPS अधिकारियों के तबादले और नई तैनातियां की हैं। जारी आदेशों में फरीदाबाद, गुरुग्राम, सोनीपत समेत कई जिलों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।
फरीदाबाद पुलिस में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। डीसीपी क्राइम फरीदाबाद राजेश मोहन को डीसीपी सेंट्रल फरीदाबाद की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं डीसीपी ट्रैफिक फरीदाबाद जयबीर सिंह को डीसीपी क्राइम फरीदाबाद बनाया गया है। HPS अधिकारी हितेश यादव को डीसीपी बल्लभगढ़ और प्रियांशु दीवान को एसीपी फरीदाबाद तैनात किया गया है।
IPS अधिकारी राजेश कुमार को एसपी कानून-व्यवस्था पंचकूला का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। वह एसपी एसटीएफ पंचकूला और सोशल आउटरीच कार्यक्रम की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
इसके अलावा मानेसर की डीसीपी प्रबिना को एसपी जीआरपी अंबाला छावनी नियुक्त किया गया है। गुरुग्राम के डीसीपी ट्रैफिक प्रतीक गहलोत को डीसीपी मानेसर की जिम्मेदारी के साथ चौथी बटालियन मानेसर के कमांडेंट का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। सोनीपत के डीसीपी ईस्ट आयुष यादव को डीसीपी साउथ गुरुग्राम नियुक्त किया गया है।
सरकार के आदेश में राज्य के विभिन्न जिलों और पुलिस इकाइयों में तैनात 39 HPS अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी बदली गई हैं। इनमें डीएसपी, एसीपी और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर नई तैनातियां शामिल हैं।
फरीदाबाद में प्रमुख बदलाव • राजेश मोहन — डीसीपी सेंट्रल, फरीदाबाद
- जयबीर सिंह — डीसीपी क्राइम, फरीदाबाद
- हितेश यादव — डीसीपी बल्लभगढ़
- प्रियांशु दीवान — एसीपी, फरीदाबाद




