Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा पुलिस में बड़ा फेरबदल…37 इंस्पेक्टरों के तबादले, कई जिलों और यूनिटों में नई तैनाती

हरियाणा पुलिस में बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत पुलिस मुख्यालय ने 37 इंस्पेक्टरों के तबादला आदेश जारी किए हैं। दो अलग-अलग आदेशों के माध्यम से 23 और 14 इंस्पेक्टरों को विभिन्न जिलों एवं विशेष इकाइयों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी तबादले तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।

पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेशों के अनुसार गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, यमुनानगर, करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत, झज्जर, नूंह और पंचकूला समेत कई जिलों में अधिकारियों की नई तैनाती की गई है। इसके अलावा अपराध जांच विभाग (CID), हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB), पुलिस ट्रेनिंग सेंटर सुनारिया, रेलवे पुलिस और इंडिया रिजर्व बटालियन (IRB) जैसी विशेष यूनिटों में भी अधिकारियों को नियुक्त किया गया है।
पहले आदेश में 23 इंस्पेक्टरों का तबादला

पहले तबादला आदेश में 23 इंस्पेक्टरों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। इनमें इंस्पेक्टर रमेश कुमार को गुरुग्राम से चरखी दादरी, देवेंद्र को गुरुग्राम से झज्जर तथा संतोष कुमार को गुरुग्राम से सिरसा भेजा गया है।

इसी प्रकार महाबीर को फरीदाबाद से हिसार और श्री भगवान को फरीदाबाद से यमुनानगर में तैनाती मिली है। करनाल से नसीब सिंह को यमुनानगर, संदीप को कैथल तथा गौरव पूनिया को फरीदाबाद भेजा गया है। अन्य अधिकारियों के भी विभिन्न जिलों और यूनिटों में तबादले किए गए हैं।

दूसरे आदेश में 14 इंस्पेक्टरों को नई जिम्मेदारी

दूसरे आदेश में 14 इंस्पेक्टरों के तबादले किए गए हैं। अवतार सिंह को गुरुग्राम से चरखी दादरी, रवि कुमार को गुरुग्राम से सोनीपत तथा जसवंत सिंह और बलराज यादव को गुरुग्राम से झज्जर भेजा गया है।

फरीदाबाद से दर्पण कुमार को कैथल में तैनाती दी गई है, जबकि झज्जर से अजय मलिक और सोमबीर को गुरुग्राम भेजा गया है। सोनीपत से धीरज कुमार को झज्जर और अजय धनखड़ को हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) में नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा यमुनानगर से जसमेर गुलिया को सोनीपत तथा रविकांत को पंचकूला में नई जिम्मेदारी मिली है। कुरुक्षेत्र से बलजीत सिंह को पंचकूला भेजा गया है, जबकि पानीपत से विजय और फूल कुमार को गुरुग्राम में तैनात किया गया है।

प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद

पुलिस विभाग के अनुसार यह तबादले प्रशासनिक आवश्यकताओं और पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किए गए हैं। अधिकारियों की नई तैनाती से संबंधित जिलों और विशेष इकाइयों में कार्यप्रणाली को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

तबादला आदेश जारी होने के साथ ही सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए कार्यस्थलों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

Exit mobile version