हरियाणा सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 9 भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और 14 हरियाणा पुलिस सेवा (HPS) अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। गृह विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार सभी तबादले तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। कई वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं।
इस फेरबदल के तहत पंकज नैन को अतिरिक्त जिम्मेदारियों के साथ पुलिस कमिश्नर, पंचकूला नियुक्त किया गया है। वहीं सृष्टि गुप्ता को पुलिस मुख्यालय भेजते हुए AIG (वेलफेयर) और SP/HSNCB हरियाणा की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी जगह अदिति सिंह को डीसीपी पंचकूला बनाया गया है।
सरकार ने वरिष्ठ अधिकारियों को भी अतिरिक्त प्रभार सौंपे हैं। डीजीपी अर्थिंदर सिंह चावला को महानिदेशक जेल (प्रिजन्स), हरियाणा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जबकि डीजीपी कला रामचंद्रन को निदेशक, FSL मधुबन की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आतंकवाद और संगठित अपराध से निपटने के लिए ATS हरियाणा को भी मजबूत किया गया है। आईजीपी नाजनीन भसीन को IGP/ATS का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं लोकेंद्र सिंह, उपासना और वरुण सिंगला को SP/ATS नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा हरियाणा पुलिस सेवा (HPS) के 14 अधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं। कई अधिकारियों को डीएसपी, एसीपी और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारी तत्काल प्रभाव से अपने नए पदों का कार्यभार संभालेंगे। सरकार का कहना है कि इस फेरबदल का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना, प्रशासनिक क्षमता बढ़ाना और कानून व्यवस्था को और मजबूत करना है।
