Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

HSSC अभ्यर्थियों को बड़ी राहत…भर्ती परीक्षाओं के दिन हरियाणा रोडवेज में मुफ्त सफर

हरियाणा सरकार ने हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। अब आयोग द्वारा आयोजित सभी लिखित परीक्षाओं, स्किल टेस्ट, फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT) और फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट (PST) में शामिल होने वाले उम्मीदवार परीक्षा के दिन हरियाणा रोडवेज की बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगे।

इस संबंध में मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से 13 जून को आदेश जारी किए गए हैं। आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने भी शनिवार को अपने X अकाउंट के माध्यम से इसकी जानकारी साझा की।

परिवहन विभाग को भेजी गई आदेश की प्रति

मुख्य सचिव कार्यालय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को मुफ्त यात्रा सुविधा देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। आदेश की प्रति परिवहन विभाग को भी भेजी गई है, ताकि परीक्षा के दौरान उम्मीदवारों के लिए पर्याप्त बसों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का प्रबंध किया जा सके।

पहले से दी जाएगी परीक्षा की जानकारी

सरकार ने निर्देश दिए हैं कि परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी समय रहते परिवहन विभाग को उपलब्ध कराई जाएगी। इससे परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जा सकेगी और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

पुलिस भर्ती के अभ्यर्थियों को मिलेगा लाभ

वर्तमान में हरियाणा पुलिस में कॉन्स्टेबल के करीब 5500 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है और इसकी लिखित परीक्षा अभी होनी बाकी है। ऐसे में हजारों अभ्यर्थियों को इस फैसले का सीधा लाभ मिलेगा।

PST में दौड़ का रिजल्ट तुरंत दिखेगा

HSSC चेयरमैन हिम्मत सिंह ने बताया कि फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट (PST) के दौरान अभ्यर्थियों की दौड़ का समय इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम के जरिए रिकॉर्ड किया जाएगा। जैसे ही कोई उम्मीदवार दौड़ पूरी करेगा, उसका समय तुरंत स्क्रीन पर प्रदर्शित होगा।

उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी। अभ्यर्थी स्वयं अपना प्रदर्शन देख सकेंगे और परिणाम को लेकर किसी प्रकार की शंका या विवाद की संभावना नहीं रहेगी।

Exit mobile version