हिसार। हरियाणा में बिजली कर्मचारियों के लिए राहत की खबर है। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) ने 22 और 23 अक्टूबर 2026 को हुई दो दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों की अनुपस्थिति को नियमानुसार देय अवकाश के रूप में नियमित करने का फैसला लिया है। इससे संबंधित कर्मचारियों का वेतन और सर्विस रिकॉर्ड प्रभावित नहीं होगा।
निगम के इस फैसले से नियमित कर्मचारियों के साथ-साथ हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों और कॉन्ट्रैक्ट वर्करों को भी लाभ मिलेगा।
MD विक्रम सिंह के निर्देश पर जारी हुए आदेश
निगम के प्रबंध निदेशक (MD) विक्रम सिंह के निर्देश पर प्रशासन शाखा के अधीक्षण अभियंता ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं।
गौरतलब है कि 22 और 23 अक्टूबर को हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा, HSEB डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन और अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर प्रदेशव्यापी हड़ताल हुई थी। इसमें DHBVN के बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए थे।
कर्मचारियों का वेतन और सर्विस रिकॉर्ड रहेगा सुरक्षित
निगम प्रबंधन ने हड़ताल की अवधि को कर्मचारियों के नियमानुसार देय अवकाश में समायोजित करने का निर्णय लिया है। इससे हड़ताल में शामिल कर्मचारियों की अनुपस्थिति को लेकर वेतन कटौती नहीं होगी और उनका सेवा रिकॉर्ड भी प्रभावित नहीं होगा।
सभी अधिकारियों को अनुपालन के निर्देश
निगम के जनसंपर्क अधिकारी संजय चुघ ने बताया कि हरियाणा सरकार स्तर पर विचार के बाद हड़ताल की अवधि को अवकाश के रूप में नियमित करने की मंजूरी दी गई है।
आदेश की प्रतियां निगम के सभी मुख्य अभियंताओं, अधीक्षक अभियंताओं, आहरण एवं वितरण अधिकारियों (DDO) और उपमंडल अधिकारियों (SDO) को भेज दी गई हैं। उन्हें कर्मचारियों के सेवा और अवकाश रिकॉर्ड को जल्द अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं।
निगम के इस फैसले से अक्टूबर में हुई हड़ताल में शामिल बिजली कर्मचारियों को आर्थिक और सेवा संबंधी राहत मिलेगी।
