हरियाणा में कांग्रेस पार्टी की ओर से ब्लॉक अध्यक्षों की सूची जारी हो गई है। इस बार कांग्रेस के विधायक और चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की चली है। पार्टी संगठन ने सभी विधायक और प्रत्याशियों से ब्लॉक अध्यक्ष बनाने के लिए नामों का पैनल मांगा था, जिसके बाद ये सूची जारी हुई है। अबकी बार पार्टी संगठन ने विधायकों को तवज्जों दी है और किसी गुट की नहीं चली।
खास बात है कि पार्टी संगठन ने इसकी पहल की है और विधायकों को पावर देने का काम किया है। कुछ विधायकों ने इसकी डिमांड रखी थी कि ब्लॉक अध्यक्ष उनकी पसंद का हो। वरना कुछ जिलों में जिलाध्यक्षों के प्रति नाराजगी है। इसे दूर करने और संगठन को एकत्रित कर मजबूत बनाने को संगठन ने ये फैसला लिया। इससे विधायक भी काफी खुश है और उनके समर्थक भी नई जिम्मेदारी मिलने से जोश में हैं।
विधायक गोकुल सेतिया ने जिलाध्यक्ष को लेकर पोस्ट शेयर की है, जिसमें लिखा-हमारी विचार-सोच अलग, साथ नहीं चलेंगे।
अगर सिरसा की बात करें तो ग्रामीण और शहरी 8 ब्लॉक प्रेसिडेंट बनाए गए हैं। इस पर सभी विधायकों व प्रत्याशियों ने संगठन का आभार जताते हुए नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों को बधाई दी है।
सिरसा विधायक गोकुल सेतिया और ऐलनाबाद विधायक भरत सिंह बैनिवाल और कालांवाली विधायक शीशपाल कहरवाला ने नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों से कहा कि पार्टी के लिए संघर्ष करे और पार्टी को और अधिक मजबूत करने तथा पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाएं।
इस बार कांग्रेस के जो ब्लॉक अध्यक्षों की सूची जारी हुई है। इस पर किसी गुटबाजी को लेकर सवाल नहीं उठे हैं। वरना जिलाध्यक्षों में हुड्डा और सैलजा गुट को लेकर चर्चा रही थी कि ये कौन से गुट से हैं। इस बार ऐसा नहीं हुआ। विधायकों के पास पावर थी और उनकी इच्छानुसार बनाए हैं।
हालांकि, सिरसा से कांग्रेस के तीनों विधायक इन दिनों एक साथ हैं और हुड्डा और सैलजा दोनों गुट एक मंच पर आ गए हैं। सिरसा में सभी विधायक व नेता एक हो गए हैं।
वहीं, मंडल अध्यक्ष बनाने की पावर पार्टी संगठन ने जिलाध्यक्षों को सौंपी है। सिरसा जिले में 28 मंडल अध्यक्ष बनाए जाने हैं। इनके नाम लिए जा रहे हैं और जल्द ही इनके नामों की घोषणा होगी। इन दिनों जिलाध्यक्ष संतोष बैनिवाल सभी हलकों का दौरा कर रही है और वर्करों व समर्थकों से मीटिंग कर मंडल अध्यक्ष बनाने के लिए चर्चा की जा रही है। उनके नामों का पैनल बनाकर संगठन को भेजा जाएगा।
कालांवाली से कांग्रेस विधायक शीशपाल कहरवाला का कहना है कि जो ब्लॉक अध्यक्ष बनाए गए हैं, वे सब कांग्रेस के पुराने वर्कर हैं और संघर्ष में रहे हैं। इनके नामों का पैनल सभी विधायकों से मांगा गया था, उन्हीं में से बनाया गया है। सभी सांसद कुमारी सैलजा मैडम के साथ हैं और सब उनके समर्थक है।
रानियां हलके से कांग्रेस प्रत्याशी सर्वमित्र कंबोज का कहना है कि पार्टी ने हमसे ब्लॉक अध्यक्ष बनाने के लिए नामों का पैनल मांगा था, उसमें ग्रामीण का अध्यक्ष बनाया गया है और शहरी अध्यक्ष का नाम आना बाकी है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष बैनिवाल का कहना है कि सिरसा जिले में ग्रामीण और शहरी 8 ब्लॉक अध्यक्ष बनाए गए हैं। विधायकों की ओर से पैनल आया था और वो आगे भेज दिया गया था। अब मंडल अध्यक्ष बनाए जाने हैं, उनकी लिस्ट तैयार की जा रही है। अभी हलकों में वर्करों से दौरा कर पैनल बनाया जाएगा।
