हरियाणा के अंबाला में रोडवेज ड्राइवर की बड़ी लापरवाही सामने आई है। चंडीगढ़ से भिवानी जा रही बस ने पहले गाड़ी को टक्कर मारी और फिर गलत तरीके से ओवरटेक किया तो खिड़की में खड़े व्यक्ति की बाजू टूट गई। पीड़ित यात्री ने अब नग्गल थाने में बस ड्राइवर के खिलाफ शिकायत सौंपी है, जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
कुरुक्षेत्र के गांव थांदडो (इस्माईलाबाद) निवासी बीरभान ने बताया कि वह किसी काम से 6 जुलाई को अंबाला आया था। काम निपटाकर वापस रात सवा 8 अंबाला सिटी के मानव चौक से भिवानी डिपो की (HR 63 E 2244) रोडवेज बस में चढ़ा था। वह पिछली खिड़की में खड़ा था और बस में काफी भीड़ थी।
यात्री ने आरोप लगाए कि ड्राइवर बस को बहुत ज्यादा स्पीड से चला रहा था। बार-बार तेज स्पीड में ओवरटेक कर रहा था। जब ड्राइवर रात करीब साढ़े 8 बजे मटेड़ी शेखा पुराना थाना नग्गल अंबाला के पास पहुंचा तो सड़क पर जा रही एक गाड़ी को गलत तरीके से ओवरटेक किया। बस की पिछली खिड़की के पास का हिस्सा गाड़ी से रगड़ता हुआ गया।
ड्राइवर ने जब एकदम कट मारा तो सवारी उसके ऊपर गिर गई। बीरभान ने आरोप लगाए कि दबाव के कारण उसकी बाई बाजू टूट गई। दर्द के कारण जब उसने शोर मचाया तो ड्राइवर ने बस को रोका। उसके बाद ड्राइवर उसे इस्माईलाबाद लेकर गया। यह एक प्राइवेट अस्पताल में उसका इलाज कराया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

