रेवाडी की हाईटेक जेल से दो बंदियों के फरार होने का मामला सामने आया है। घटना का पता चलने के बाद जेल प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया। दोनों ऑनलाइन ठगी के मामले में आरोपी हैं और यूपी के रहने वाले हैं। शिकायत मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने जेल कर्मी की शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसपी हेमेंद्र मीणाके मुताबिक पुलिस ने इटावा के जाहिद को गिरफ्तार कर लिया है। फैजान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम यूपी गई हुई हैं, दोनों शातिर अपराधी नहीं थे। ऑनलाइन ठगी के मामले में जेल में बंदी थे। जेल से फरारी के मामले के वास्वतिक कारण आरोपियों से पूछताछ के बाद ही सामने आ पाएंगे।
जेल कर्मी मुस्ताक अहमद ने पुलिस को शिकायत दी। जिसके अनुसार 27 मार्च को उनके पास जेल का कार्यभार था। शाम को जब जेल में गिनती की गई, तो दो बंदी कम मिले। जांच करने पर पता चला कि यूपी के रामपुरा के 22 वर्षीय फैजान और इटावा के 21 वर्षीय जाहिद जेल से गायब हैं।
आसपास दोनों की तलाश की गई, परंतु कहीं कोई सुराग नहीं मिला। जिसके बाद मामले की शिकायत सदर पुलिस को दी गई। शिकायत के अनुसार दोनों को दोपहर डेढ़ बजे जेल में इकट्ठा देखा गया। इसके बाद दोनों जेल में किसी को दिखाई नहीं दिए। सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

