Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

दिल्ली की जूता फैक्ट्री में भीषण आग, 4 की मौत और 2 गंभीर; बेसमेंट से शुरू हुई थी आग

दिल्ली के मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में शुक्रवार रात एक जूता फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है। आग लगने की सूचना रात करीब 9:30 बजे मिली, जिसके बाद दमकल विभाग और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं।

जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में जूते-चप्पल बनाने और स्टोर करने का काम होता था। आग सबसे पहले बेसमेंट में लगी थी। धुएं और आग के कारण अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

6 लोग बेहोशी की हालत में मिले

रेस्क्यू टीम ने फैक्ट्री से 6 लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला। उन्हें तुरंत संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया गया। इसके अलावा बिल्डिंग की चौथी मंजिल से 5 अन्य लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया।

हादसे में चार लोगों की जान चली गई, जबकि दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

बेसमेंट में लगी थी आग, जांच शुरू

दिल्ली अग्निशमन सेवा के सहायक मंडल अधिकारी पारस कुमार के अनुसार, फैक्ट्री में जूते-चप्पल बनाने और स्टोर करने का काम होता था। आग बेसमेंट से शुरू हुई थी। फिलहाल आग बुझा दी गई है और कूलिंग का काम पूरा किया जा रहा है।

फैक्ट्री मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। ठेकेदार और कर्मचारियों से भी घटना को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

दिल्ली में इस साल आग से 101 लोगों की मौत

रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में इस साल आग लगने की अलग-अलग घटनाओं में अब तक 101 लोगों की मौत हो चुकी है। मंगोलपुरी की यह घटना औद्योगिक इकाइयों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Exit mobile version