Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: गंदगी फैलाने, गोबर बहाने और प्रतिबंधित प्लास्टिक बेचने वालों पर 14,500 रुपये का जुर्माना



नगर निगम, रोहतक द्वारा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के उदेश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने, सड़कों व नालियों में गोबर बहाने तथा प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक बेचने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।
निगम आयुक्त नरेंद्र कुमार ने बताया कि निगम की टीमों द्वारा शहर में निरीक्षण किया जा रहा है तथा निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान किए जा रहे है। कार्रवाई के दौरान गंदगी फैलाने, गोबर बहाने तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग एवं बिक्री करने वालों के खिलाफ 11 चालान 14500 रूपये के चालान किए गए।
आयुक्त ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर का निर्माण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने नागरिकों, डेयरी संचालकों एवं व्यापारियों से अपील की कि वे शहर में स्वच्छता बनाए रखें, गोबर एवं अन्य अपशिष्ट को सार्वजनिक स्थानों पर न डालें तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग एवं विक्रय न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि नगर निगम द्वारा यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध और अधिक सख्त कार्रवाई करते हुए चालान एवं अन्य कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
आमजन से अपील है कि स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की गंदगी फैलाने व गोबर बाहने वालो की सूचना निगम के 18001805007, 8295900992 नम्बरो पर दें, निगम की टीम द्वारा तुरंत कार्यवाही की जायेगी।

Exit mobile version