हिसार के सूर्यनगर में डेयरी संचालक जीवन की हत्या के मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज परिवार और पूनिया-कुंडू खाप प्रतिनिधियों ने शनिवार को रोड जाम कर दिया। 48 घंटे का अल्टीमेटम पूरा होने के बाद SP से मिलने पहुंचे खाप प्रतिनिधियों का आरोप है कि घंटों इंतजार के बावजूद SP नहीं मिले, लेकिन जाम लगते ही वे महज 3 मिनट में मौके पर पहुंच गए।
खाप प्रधान शमशेर सिंह ने कहा कि प्रशासन ने परिवार से संतोषजनक बातचीत नहीं की और अंतिम संस्कार के लिए दबाव बनाया गया। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी तक जीवन का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
SP ने मौके पर पहुंचकर पुलिस की कई टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगी होने की बात कही, लेकिन खाप प्रतिनिधि संतुष्ट नहीं हुए। अब रोड जाम खोलकर लघु सचिवालय में पक्का धरना शुरू करने का फैसला लिया गया है।
शमशेर सिंह ने कहा कि खाप आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई चाहती है और उन्होंने एनकाउंटर की मांग भी रखी है। उनका कहना है कि जब तक परिवार को इंसाफ नहीं मिलता, धरना जारी रहेगा।
