हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में फरार चल रहे तीन आरोपियों के खिलाफ शामली पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की. न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने एक-एक लाख रुपये के इनामी दो शूटरों समेत तीन आरोपियों की हरियाणा में संपत्ति कुर्क कर ली. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी न होने पर तीनों आरोपियों को पहले ही भगोड़ा घोषित किया जा चुका है.
दो शूटर आर्यन संधू, सत्यम कादयान और गोगी गैंग के सरगना राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया के घर यूपी पुलिस पहुंची और कोर्ट के आदेश पर तीनों के घरों से सभी सामान जब्त किया गया. फरार आरोपियों की तलाश में टीम पांच राज्यों में तलाश कर रही है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है.
बता दें, शामली में 26 अगस्त की शाम को आर्यपुरी में जिम के बाहर हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी थी. 26 की रात में ही गोगी गैंग के सरगना राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया की ओर से इंस्टाग्राम पर पोस्ट प्रसारित कर हत्याकांड की जिम्मेदारी ली थी. 31 अगस्त की सुबह शामली पुलिस ने मुठभेड़ में दो शूटर मोहित और सुमित निवासी सोनीपत को ढ़ेर कर दिया था.
मामले में फरार चल रहे राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया, शूटर आर्यन संधू और सत्यम कादयान पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था. पुलिस की ओर से आरोपितों की तलाश की गई, लेकिन वह नहीं मिले. इसके बाद धारा-82 के तहत कुर्की से पहले नोटिस चस्पा किया गया और भगोड़ा भी घोषित कर दिया गया. कोर्ट की ओर से संपत्ति कुर्क करने के आदेश जारी किए गए.
रविवार को सीओ जितेंद्र यादव के नेतृत्व में दो टीम को हरियाणा भेजा गया. जिनमें एक टीम शाहपुर तुर्क थाना मुरथल जिला सोनीपत राहुल उर्फ भोलू के घर पहुंची और यहां से एक डबल बैड, एक सेफ, एक वाशिंग मशीन, एक एसी, एक संदूक, एक एलइडी, जिम का सामान जब्त किया गया. दूसरी टीम आर्यन संधू निवासी मोहल्ला सोमला जाटान कालंदरी गेट थाना सिटी जिला करनाल पहुंची.
टीम ने यहां से एक सेफ, एक वाशिंग मशीन, एक एसी, एक संदूक, एक एलइडी, एक इनवर्टर बैटरी समेत अन्य सामान जब्त किया गया. सत्यम कादयान निवासी गोपीवाला डेरा थाना सिटी सेक्टर चार जनपद करनाल के घर पहुंचकर टीम ने एक सेफ, एक दीवान बैड, जिम का सामान, एक सोफा, एक डायनिंग टेबल व अन्य कुर्की योग्य सामान जब्त किया. लाखों रुपये का सामान जब्त करने के बाद यूपी पुलिस सामान लेकर वापस शामली पहुंच गई.
एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया, न्यायालय के आदेश पर यह कुर्की की कार्रवाई की गई है और जो आरोपी अंकित बालियान हत्याकांड में फरार चल रहे हैं उनकी तलाश के लिए लगातार टीमें काम कर रही हैं.
