Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

कुलगाम आतंकी हमले के बाद CRPF का बड़ा एक्शन: ड्यूटी पर मोबाइल चलाने पर रोक, बुलेटप्रूफ जैकेट-हेलमेट अनिवार्य

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में हालिया आतंकी हमले के बाद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने जवानों की सुरक्षा को लेकर नए निर्देश जारी किए हैं। अब ड्यूटी के दौरान जवानों को बुलेटप्रूफ जैकेट और हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा, वहीं मोबाइल फोन इस्तेमाल करने पर भी रोक लगा दी गई है।

केवल कंपनी कमांडर और संबंधित अधिकारी जरूरी सरकारी काम के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर सकेंगे।

कुलगाम हमले के बाद सुरक्षा व्यवस्था सख्त

11 नवंबर को कुलगाम में हुए आतंकी हमले में CRPF के तीन जवान घायल हुए थे। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई और जवानों की सुरक्षा को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

CRPF के DG जीपी सिंह ने हाल ही में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की थी। इसके बाद सभी कंपनी कमांडरों को जांच नाकों पर सुरक्षा बढ़ाने और पर्याप्त संख्या में जवान तैनात करने के निर्देश दिए गए।

बुलेटप्रूफ चौकियां और रात में पर्याप्त रोशनी

नए निर्देशों के तहत जवानों को गोलीबारी से बचाने के लिए बुलेटप्रूफ सुरक्षा चौकियों की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा शाम और रात के समय सुरक्षा नाकों पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सके।

आतंकी को 6 महीने तक दी थी पनाह

कुलगाम हमले में शामिल उमर निसार डार ने लश्कर कमांडर लतीफ भट को करीब छह महीने तक पनाह दी थी। दोनों आतंकियों ने हमले से पहले कई इलाकों की रेकी की थी।

सोमवार को मुठभेड़ में उमर निसार डार मारा गया, जबकि लतीफ भट भागने में सफल रहा। मंगलवार को भी उसकी तलाश में ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से अभियान चलाया गया।

कुलगाम हमले के बाद CRPF ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए ड्यूटी प्रोटोकॉल सख्त कर दिए हैं।

Exit mobile version