Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में हड़ताली फायर कर्मचारियों पर बड़ी कार्रवाई, 11 प्रधान टर्मिनेट; 41 पक्के कर्मचारी सस्पेंड

पानीपत। हरियाणा में हड़ताल पर चल रहे अग्निशमन कर्मचारियों के खिलाफ विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पानीपत दमकल केंद्र में पालिका रोल पर कार्यरत अग्निशामक एवं दमकल चालक रणबीर की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं। दमकल कर्मचारी यूनियन का दावा है कि प्रदेशभर में 11 प्रधानों को टर्मिनेट और 41 पक्के कर्मचारियों को सस्पेंड किया गया है।

महानिदेशक कार्यालय, पंचकूला की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि संबंधित कर्मचारी 6 अगस्त 2026 से बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति और पूर्व सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे थे। उन पर हड़ताल में शामिल होने के साथ अन्य कर्मचारियों को भी हड़ताल के लिए प्रेरित करने का आरोप लगाया गया है।

आवश्यक सेवा में बाधा और अनुशासनहीनता का आरोप
निदेशालय ने अग्निशमन सेवा को अत्यंत आवश्यक सेवा बताते हुए कर्मचारी के आचरण को सेवा में बाधा और गंभीर अनुशासनहीनता माना है। आदेश में अग्निशमन एवं आपातकालीन अधिनियम-2022 और हरियाणा नागरिक सेवा नियमावली-2016 के प्रावधानों का भी उल्लेख किया गया है।

विभाग के मुताबिक, जनहित और आवश्यक सेवाओं को देखते हुए संबंधित कर्मचारी का सेवा में बने रहना उचित नहीं पाया गया, जिसके बाद उसकी सेवाएं समाप्त करने का निर्णय लिया गया।

यूनियन बोली- दबाव बनाने की कार्रवाई, हड़ताल रहेगी जारी
वहीं दमकल कर्मचारी यूनियन प्रधान रणबीर सिंह ने कार्रवाई का विरोध किया है। उनका दावा है कि पूरे हरियाणा में अब तक 11 प्रधानों को टर्मिनेट और 41 नियमित कर्मचारियों को सस्पेंड किया गया है।

यूनियन का आरोप है कि कर्मचारियों पर हड़ताल खत्म करने का दबाव बनाने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यूनियन ने स्पष्ट किया है कि कार्रवाई के बावजूद हड़ताल जारी रहेगी।

Exit mobile version