आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में शुक्रवार को हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही एक प्राइवेट बस में आग लग गई, जिसमें 20 लोगों की मौत हो गई. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, मृतकों में एक बाइक सवार भी शामिल है और मरने वालों का आंकड़ा बढ़ने की संभावना है. शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, चिन्नाटेकुर के पास बस और एक मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई. मोटरसाइकिल बस के नीचे फंस गई और उसके खुले फ्यूल कैप से आग लग गई.
कुरनूल रेंज के DIG कोया प्रवीण के मुताबिक, ‘पुलिस बस के भीतर जाकर हालात का जायजा ले रही है.’ उन्होंने कहा कि पूरी जांच और सभी लोगों की पहचान के बाद ही मृतकों और जीवित बचे लोगों की सटीक जानकारी सामने आएगी. घटना के समय बस का दरवाजा शॉर्ट सर्किट होने के कारण जाम हो गया और बस कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जल गई. जिला कलेक्टर ए. सीरी ने कहा कि बस में कुल 41 लोग सवार थे, जिसमें ड्राइवर भी शामिल था. बचे हुए लोगों की हालत स्थिर है और खतरे से बाहर है.
जिला कलेक्टर ने बताया कि हादसे के वक्त अधिकांश यात्री सो रहे थे, इसलिए कई लोग समय रहते बस से बाहर नहीं निकल पाए. कुछ तार कट जाने के कारण बस का दरवाजा तुरंत नहीं खुल सका, जिससे इस हादसे की गंभीरता बढ़ गई. जांच के दौरान पुलिस ने एहतियातन बस का डीजल टैंक खाली किया. वहीं, मेडिकल एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची और जलने वाले शवों के DNA सैंपल इकट्ठा किए. DIG ने बताया कि बस में कोई फायर कंट्रोल उपकरण मौजूद नहीं था, जिससे सुरक्षा मानकों और आपातकालीन तैयारियों में कमी का पता चला है.

