Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

नेपाल में बड़ा हादसा; 40 भारतीयों को लेकर जा रही यूपी की बस नदी में गिरी, 14 की हुई मौत

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की एक बस आज शुक्रवार को नेपाल की मार्स्यांग्डी नदी में गिर गई। इसमें 40 से ज्यादा यात्री सवार थे। 14 की मौत हो गई है। इनमें एक बच्चा भी है। 31 लोग घायल हैं। इनमें 5 की हालत गंभीर है। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस नेपाल के पोखरा से काठमांडू जा रही थी। तभी तनहुन जिले के आइना पहाड़ा में सुबह 11.30 बजे हाईवे से लगभग 500 फुट नीचे नदी में गिर गई। बस में सवार ज्यादातर यात्री महाराष्ट्र के थे। सभी नेपाल घूमने गए थे।

नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल सेना सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। सशस्त्र पुलिस बल (APF) के 45 जवानों की एक टीम भी घटनास्थल पर मौजूद है। नेपाल सेना का एक एमआई-17 हेलीकॉप्टर मेडिकल टीम को लेकर काठमांडू से तनहुन के लिए उड़ान भर चुका है। उत्तर प्रदेश सरकार ने महाराजगंज एसडीएम को घटनास्थल पर भेजा है।

गोरखपुर डीएम कृष्णा करुणेश ने मीडिया मे बताया कि हादसे का शिकार हुई बस गोरखपुर के केसरवानी टूर एंड ट्रेवल्स एजेंसी की है। बस का नंबर UP-53 FT 7623 है। यह गोरखपुर के धर्मशाला बाजार इलाके में रहने वाले सौरभ केसरवानी की पत्नी शालिनी केसरवानी के नाम पर रजिस्टर्ड है। महाराष्ट्र से करीब 4 महीने पहले केसरवानी ट्रेवल्स की 3 बसों की नेपाल जाने के लिए बुकिंग हुई थी। तीनों बसें 20 अगस्त को नेपाल पहुंचीं। 29 अगस्त को बसों की वापसी होनी थी।

इससे पहले ही एक बस आज नदी में गिर गई। बस के ड्राइवर और कंडक्टर की भी हादसे में मौत हुई है। बताया जा रहा है कि दूसरी बस में सवार लोग नेपाल के मुगलिंग में रुके हुए हैं। उनसे संपर्क स्थापित करने की कोशिश की जा रही है। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपाल बस हादसे का संज्ञान लिया है। सीएम योगी के निर्देश पर रिलीफ कमिश्नर जी. एस. नवीन ने नेपाल सरकार के अधिकारियों से बात की। नेपाल में तैनात भारतीय पुलिस के सीनियर अधिकारियों के साथ कोऑर्डिनेट किया जा रहा है।

यूपी सरकार के रिलीफ कमिश्नर ने बताया कि यह एक ट्रैवलर बस थी। इसलिए बस में यूपी और दूसरे राज्यों के लोगों के होने की भी संभावना है। नेपाल के अधिकारियों से संपर्क करके लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। महराजगंज के एसडीएम और एडीएम को नेपाल भेजा गया है।

बस के मालिक विष्णु केसरवानी से मिली जानकारी के अनुसार उनकी तीन बसें गोरखपुर से नेपाल गईं थीं। इनमें महाराष्ट्र के लोग थे। उन्होंने बताया कि सभी को इलाहाबाद से पिक किया था। यहां से चित्रकूट ले गए। फिर अयोध्या आए थे। अयोध्या से गोरखपुर होते हुए सुनौली और लुंबिनी गए थे। वहां से पोखरा गए थे। पोखरा से तीनों बस काठमांडू के लिए जा रही थी। मुगलिंग के पास एक बस का एक्सीडेंट हो गया।

विष्णु केसरवानी के मुताबिक, ड्राइवर का नाम मुस्तफा है। उसका इंडियन और नेपाली नंबर, दोनों बंद है। उसके जिंदा रहने का अभी तक प्रमाण नहीं मिला है। इंडियन एंबेसी के लोग वहां पहुंच गए हैं। बस में 40-42 लोग होंगे। बस का इंश्योरेंस नेपाल और इंडिया दोनों जगह का था।

एरिया ​​​​​​नेपाल का तनहुन जिला ऐसा इलाका है, जहां लैंडस्लाइड होते रहते हैं। इसके कुल 85 वार्ड में 48 लैंडस्लाइड रिस्क जोन में आते हैं। जून 2024 में यहां के चीफ डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर जनार्दन गौतम ने मानसून के दौरान यातायात संबंधी अलर्ट जारी किया था।गौतम ने मानसून के समय इस इलाके में बाहर से आने वाले यात्री को सावधानी बरतने की सलाह दी थी। यह इलाका लैंडस्लाइड, बाढ़, बिजली गिरने और तूफान जैसे हाई रिस्क वाले क्षेत्रों में आता है।

Exit mobile version