Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

जोधपुर में बड़ा हादसा, अस्पताल की दीवार में घुसी घायल पुलिसकर्मियों को लाई एंबुलेंस

राजस्थान के जोधपुर में आज बड़ा हादसा हो गया। घायल पुलिसकर्मियों को लाई एंबुलेंस बेकाबू होकर अस्पताल की दीवार में जा घुसी। इस हादसे में एएसपी बुरी तरह घायल हो गए। हालांकि, गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। चालक हरिराम ने बताया कि चार दिन से लगातार काम पर होने से थकान के कारण और ग्रेनाइट पत्थर पर ब्रेक देरी से लगने से गाड़ी दीवार से टकरा गई। वहां व्यवस्था में लगे एडिशनल एसपी (ग्रामीण) भोपालसिंह लखावत को चपेट में ले लिया।

चालक ने मीडिया को बताया कि पिछले चार दिन से लगातार इस एंबुलेंस पर काम कर रहा हूं। न दिन में आराम का समय न रात में सोने का कोई टाइम। शुक्रवार को जैसे ही जोधपुर के लिए ग्रीन कॉरिडोर की कॉल मिली, तुरंत एंबुलेंस लेकर रवाना हो गया। पूरे रास्ते कोई परेशानी नहीं हुई। जैसे ही एमडीएम अस्पताल पहुंचा, ढलान पर गाड़ी चढ़ाते ही आगे रैंप खत्म होने के बाद ग्रेनाइट का पत्थर लगा हुआ था। इससे ब्रेक देरी से लगा। तब तक एंबुलेंस दीवार के अंदर जाकर घुस गई। दूसरी बात यह भी कि बालोतरा से पहली बार केस लेकर जोधपुर आया था। न तो एमडीएम के ट्रोमा अस्पताल की ढलान का अनुभव था और न ही पोर्च का। यहां रोजाना केस लेकर आने वाली सभी एंबुलेंस को परेशानी नहीं होती। मैं पहली बार आया था, इसलिए मुझे हुई। जानबूझकर करे जैसा कुछ नहीं था। अनियंत्रित हुई गाड़ी को कंट्रोल करने की पूरी कोशिश की थी, मगर तब तक देरी हो चुकी थी।

मिली जानकारी के मुताबिक आइजी रेंज जोधपुर की अपराध व सतर्कता के एएसपी की एसयूवी और एक कार में शुक्रवार सुबह आमने सामने की भिड़ंत हो गई।

हादसे में एसयूवी सवार एएसआई सहित तीन अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए। हादसा बालोतरा जिले में बायतु पनजी के पास हादसा हुआ। हादसा इतना जबर्दस्त था कि कार का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर बायतु थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जोधपुर रेफर कर दिया। इसके बाद घायलों को जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल पहुंचाने के लिए पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर बनाया। लेकिन, अस्पताल पहुंचते ही एंबुलेंस हादसे का शिकार हो गई।

घायल पुलिसकर्मियों को लाई एंबुलेंस मथुरादास माथुर अस्पताल के गेट के अंदर आ गई। लेकिन, रैंप पर चढ़ते ही तेज रफ्तार एंबुलेंस अनियंत्रित हो गई और अस्पताल की दीवार में जा घुसी। बताया जा रहा है कि समय पर ड्राइवर एंबुलेंस को नहीं मोड पाया। जिसके कारण गाड़ी ट्रॉमा वार्ड की दीवार से जा टकराई। एएसपी (ग्रामीण) भोपाल सिंह लखावत दीवार और एंबुलेंस के बीच फंस गए। उनके पैर में फ्रैक्चर आया है। वहीं, एएसपी की पीठ के साइड में लोहे की एंगल घुस गई। हादसे में रेलिंग और कांच टूट गए और एंबुलेंस भी क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, एएसपी छवि शर्मा व अन्य पुलिस अधिकारी हादसे में बाल-बाल बच गए। सूचना मिलते ही आइजी रेंज विकास कुमार और कमिश्नरेट के पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे। फिलहाल, सभी घायल पुलिसकर्मियों का अस्पताल में उपचार जारी है।

Exit mobile version