हरियाणा के पंचकूला में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। सेक्टर-21 में 70 वर्षीय महिला की उनकी ही नौकरानी ने कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। आरोप है कि वारदात के बाद नौकरानी ने अपने बेटे की मदद से शव को पड़ोसी के मकान की छत पर ले जाकर टाइलों के नीचे छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी मां-बेटे को हिरासत में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
10 साल से घर में करती थी काम
पुलिस के अनुसार, मृतका नीरा मेहता (70) अपने पति चंद्रमोहन मेहता, जो भारतीय सेना से रिटायर्ड कैप्टन हैं, के साथ सेक्टर-21 के हाउस नंबर 366 में रहती थीं। उनके दोनों बेटे अमेरिका में रहते हैं। घर में पिछले करीब 10 वर्षों से सुनीता नौकरानी के रूप में काम कर रही थी, जिसके कारण परिवार का उस पर पूरा भरोसा था।
सुनीता अपने पति और बेटे के साथ इसी सेक्टर के हाउस नंबर 483 में रहती थी। मकान मालिक के बाहर रहने के कारण उसका परिवार वहां केयरटेकर के तौर पर रहकर मकान की देखभाल करता था।
गहनों की चोरी पर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को नीरा मेहता के घर से कुछ गहने गायब होने का पता चला। उन्हें इस चोरी में सुनीता पर शक हुआ। सोमवार सुबह जब उनके पति गोल्फ खेलने गए, तब नीरा ने बताया कि वह सुनीता से गहनों के बारे में पूछताछ करने उसके घर जा रही हैं। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटीं।
दोपहर करीब 3 बजे जब चंद्रमोहन घर लौटे तो पत्नी घर पर नहीं थीं। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने सेक्टर-21 पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई।
गला दबाकर की हत्या, बेटे के साथ शव छिपाया
डीसीपी क्राइम अमरिंदर सिंह के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद पुलिस सुनीता के घर पहुंची। पूछताछ के दौरान सुनीता ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि गहनों को लेकर हुए विवाद के दौरान उसने नीरा मेहता का गला दबाकर हत्या कर दी।
इसके बाद उसने अपने बेटे की मदद से शव को पड़ोसी के हाउस नंबर 484 की छत पर ले जाकर टाइलों के नीचे छिपा दिया। वारदात के बाद दोनों अपने घर लौट आए। बताया जा रहा है कि रात को घर लौटे सुनीता के पति को भी घटना की जानकारी नहीं दी गई।
पुलिस कर रही पूछताछ
पुलिस ने आरोपी नौकरानी और उसके बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर दोनों को हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। साथ ही, कथित तौर पर चोरी हुए गहनों के मामले की भी जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
