गुरुग्राम की हाई-प्रोफाइल सोसाइटी द कैमिलियाज में घरेलू सहायिका से मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कारोबारी की पत्नी को गिरफ्तार किया है। हालांकि, गिरफ्तारी के बाद उसे जमानत पर छोड़ दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, मामला 24 जुलाई का है। काम को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी महिला ने मेड के साथ कथित तौर पर मारपीट की। करीब 90 सेकेंड के वीडियो में महिला मेड का मुंह दबाती और उसके बाल खींचती दिखाई दे रही है।

बताया जा रहा है कि पड़ोसी ने दूसरे फ्लैट से किचन की खिड़की के जरिए यह वीडियो रिकॉर्ड किया था। बाद में वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद सिपाही रोहित की शिकायत पर सुशांत लोक थाने में पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए FIR दर्ज की। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ BNS की धारा 115 के तहत मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, घरेलू सहायिका नेपाल की रहने वाली है और करीब दो साल से आरोपी महिला के घर पर काम कर रही थी। घटना के तीन दिन बाद, 27 जुलाई को उसने नौकरी छोड़ दी और नेपाल लौट गई।

मेड की ओर से गुरुग्राम पुलिस में कोई शिकायत नहीं दी गई है। उसके एक रिश्तेदार के मुताबिक, मेड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से मारपीट का वीडियो हटाने के लिए लिखित अनुरोध भी किया था।

DCP ईस्ट संदीप कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो का स्वत: संज्ञान लेकर FIR दर्ज की गई है। पुलिस मामले के तथ्यों का सत्यापन कर रही है और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

₹100 करोड़ तक कीमत वाले फ्लैट

मामला गुरुग्राम के सेक्टर-42 स्थित द कैमिलियाज का है। गोल्फ कोर्स रोड पर स्थित यह DLF की अल्ट्रा-लक्जरी सोसाइटी करीब 16 एकड़ में फैली है।

यहां 4, 5 और 6 BHK के बड़े अपार्टमेंट हैं। इनका आकार करीब 7,196 से 16,500 वर्गफुट तक बताया जाता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोसाइटी में फ्लैटों की कीमत करीब ₹73 करोड़ से ₹168 करोड़ तक है।

पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान सार्वजनिक नहीं की है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!